विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 17, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP News: बरेली पुलिस की सख्ती के बाद बदले मौलाना तौकीर रजा खां के सुर; बड़े एलान के अब 'सामूहिक निकाह'...

Published: Wed, 17 Jul 2024 12:04 PM (IST)

Maulana Tauqeer Raza हिंदू संगठनों के विरोध के बाद सामूहिक निकाह कार्यक्रम को मौलाना तौकीर रजा खां ने स्थगित कर ...और पढ़ें

Maulana Tauqeer Raza; आईएएमसी अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा। फाइल फोटो
Maulana Tauqeer Raza; आईएएमसी अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा। फाइल फोटो

HighLights

  1. विरोध में दिनभर हुए प्रदर्शन, डीएम को सौंपे गए ज्ञापन
  2. एसएसपी ने कहा-माहौल खराब करने वालों से सख्ती से निपटेंगे

जागरण संवाददाता, बरेली। इत्तेहाद ए मिल्लत काउंसिल (आईएएमसी) के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा खां की ओर से प्रस्तावित 'मतांतरितों के सामूहिक निकाह कार्यक्रम' ने नया विवाद खड़ा कर दिया। मंगलवार को हिंदू संगठनों ने मौलाना के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि खुलेआम हिंदुओं के मतांतरण और निकाह का दावा कर मौलाना तौकीर माहौल खराब कर रहे हैं।

उनकी गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन हुए, डीएम रविंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपे गए। दूसरी ओर, शासन ने स्थानीय अधिकारियों से पूरे प्रकरण की रिपोर्ट मांगी है। गहमाहगमी के बीच एसएसपी अनुराग आर्य ने बयान जारी किया कि जिले का माहौल खराब करने का प्रयास हुआ तो सख्ती से निपटेंगे। खुफिया टीमें भी जांच कर रही हैं। शाम को आयोजक बैकफुट पर आए और कार्यक्रम स्थगित कर दिया।

मौलाना ने कहा था, कि कई हिंदू युवक और युवतियां संपर्क में हैं

मौलाना तौकीर रजा खां ने सोमवार को कहा था कि 23 हिंदू युवक-युवतियां संपर्क में हैं। इनमें से अधिकतर युवा मतांतरण कर अपनी मर्जी से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे हैं। अब वे सार्वजनिक रूप से इसे स्वीकरना चाहते इसलिए सामूहिक निकाह कराएंगे। पहले चरण में 21 जुलाई को पांच जोड़े निकाह करेंगे।

जुलूस निकालकर जताया विरोध

इस घोषणा के बाद मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद, हिंदू जागरण मंच, शिरडी साईं मंदिर कमेटी, नाथ नगरी सुरक्षा समूह, पंजाबी महासभा, युवा सिंधी सभा आदि संगठनों ने प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकालने के बाद डीएम को ज्ञापन सौंपा गया। विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष संजय भदौरिया ने कहा कि मौलाना तौकीर मतांतरण व सामूहिक निकाह कार्यक्रम कर श्रावण मास से पहले माहौल बिगाड़ना चाहते हैं। डीएम ने आश्वासन दिया कि कोई विवादित कार्यक्रम नहीं होने दिया जाएगा।

संबंधित खबरः मौलाना तौकीर के बयान ने मचाई खलबली, किया मतांतरित युवक-युवतियों के निकाह का एलान, हो रहा विरोध

अधिकारियों ने आयोजकों से की बात

मौलाना तौकीर के संगठन की ओर से कार्यक्रम की अनुमति मांगी गई थी। सिटी मजिस्ट्रेट राजीव शुक्ला ने प्रार्थना पत्र पर पुलिस की आख्या मांगी। सुबह को एसएसपी अनुराग आर्य का बयान आया कि अनुमति के प्रार्थना पत्र पर जांच की जा रही है। किसी को भी शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने की छूट नहीं दी जाएगी। यदि किसी ने ऐसा प्रयास भी किया तो सख्ती से निपटेंगे। बिना अनुमति कोई कार्यक्रम नहीं होगा।

ये भी पढ़ेंः UP Politics: यूपी में विधानसभा उपचुनाव को लेकर तेज हुई राजनीतिक हलचल, सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुलाई मंत्रियों की बैठक

इस बीच दोपहर को प्रदर्शन होने लगे तो पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजकों से बात की। शाम को डीएम रविंद्र कुमार ने बताया कि आयोजकों ने कार्यक्रम निरस्त कर दिया है।

आईएमसी नेता ने कही ये बात

मंगलवार शाम को मौलाना तौकीर रजा ने कहा कि हम कानून का पालन करते हैं, इसीलिए अनुमति मांगी। जबकि, दूसरे पक्ष के लोग मंदिर में शादी करा प्रमाणपत्र जारी कर देते हैं, वे तो कहीं से अनुमति नहीं लेते। आइएमसी के प्रदेश प्रभारी नदीम कुरैशी ने बताया कि अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।

कार्यक्रम पर राजनीति गरमायी

मौलाना के प्रस्तावित कार्यक्रम पर राजनीति भी गरमा गई। भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि मौलाना तौकीर त्योहार पर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन उनपर सख्त कार्रवाई करे। इसके अलावा एक्स पर भाजपा नेता मोहसिन रजा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रस्तावित कार्यक्रम पर आपत्ति जताई। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।