बरेली से बेंगलुरू के लिए इंडिगो देगी एयरबस की उड़ान, अधिकारियों ने किया एयरपोर्ट का निरीक्षण
मुंबई और बेंगलुरु के हवाई मार्ग को जोड़ने के लिए निजी क्षेत्र की कंपनी इंडिगो 170 सीटर एयरबस देगी। एटीआर-72 की चर्चा को खारिज करते हुए कंपनी के अधिकारियों ने डिफेंस मिनिस्ट्री (दिल्ली) में एनओसी के लिए दस्तावेज भेजे हैं। चूंकि रनवे त्रिशूल एयरबेस का इस्तेमाल होना है।

अभिषेक जय मिश्रा
बरेली, जेएनएन। मुंबई और बेंगलुरु के हवाई मार्ग को जोड़ने के लिए निजी क्षेत्र की कंपनी इंडिगो 170 सीटर एयरबस देगी। एटीआर-72 की चर्चा को खारिज करते हुए कंपनी के अधिकारियों ने डिफेंस मिनिस्ट्री (दिल्ली) में एनओसी के लिए दस्तावेज भेजे हैं। चूंकि रनवे त्रिशूल एयरबेस का इस्तेमाल होना है। इसलिए वायुसेना के अधिकारियों के साथ दिल्ली से आए इंडिगो के अधिकारियों ने वार्ता की है। एयरबस के लिए वायुसेना की अनुमति मिलने के बाद प्रस्तावित शेड्यूल के मुताबिक ही मुंबई और बेंगलुरु की फ्लाइट देने की तैयारी है।
उड्डयन मंत्रालय के एक अधिकारी के मुताबिक बरेली एयरपोर्ट के एप्रेन पर एक साथ दो एटीआर-72 खड़े हो सकते हैं। सरकारी क्षेत्र की कंपनी एलायंस एयर ने दिल्ली से बरेली को जोड़ने के लिए अपने विमान बेड़े के एटीआर-72 को ही चुना है। लेकिन निजी क्षेत्र की कंपनी इंडिगो 170 सीट के एयरबस के जरिए बरेली को लंबी दूरी के गंतव्य मुंबई और बेंगलुरु से जोड़ना चाहती है। इस कड़ी में प्रयागराज से मुंबई और बेंगलुरु को इंडिगो कंपनी ने अपनी एयरबस के जरिए ही उड़ान दे रही है।
एप्रेन, पोर्टिको का जायजा ले गई इंडिगो
अधिकारियों के मुताबिक 29 अप्रैल से मुंबई के लिए बरेली से फ्लाइट देनी प्रस्तावित है। बेंगलुरु के लिए पहली मई से हवाई मार्ग जोड़ा जाना है। एप्रेन, टर्मिनल, टैक्सी पाथ, पोर्टिको के जायजा के लिए इंडिगाे के अधिकारियों ने मंगलवार काे निरीक्षण किया। चार घंटे परिसर में व्यतीत करने के बाद अधिकारी दिल्ली वापस लौटे थे।
लखनऊ रूट पर उड़ान से पहले चल रहा सर्वे
दिल्ली के बाद लखनऊ रूट पर उड़ान देने के लिए यात्रियों का सर्वे भी गोपनीय रूप से हो रहा है। बरेली से लखनऊ रूट के कितने यात्री, किन महीनों में अधिक सफर करते हैं। उनके उद्देश्य क्या होते हैं। साथ ही उनकी परचेजिंग पॉवर का भी कंपनियां आंकड़े जुटा रही है। रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत बरेली को लखनऊ, प्रयागराज से भी जोड़ा जाना है। उम्मीद जताई जा रही है कि सर्वे पूरे होने के बाद लखनऊ रूट पर भी उड़ान मिल जाएगी।
क्या कहते हैं मंत्री
रिजनल कनेक्टिविटी स्कीम में राज्य के सत्रह शहरों को जोड़ने के लिए प्रयास चल रहा है। इंडिगो एयरबस के जरिए लंबी दूरी की यात्रा दे जा रही है। सब कुछ ठीक रहा तो बरेली के लिए मुंबई और बेंगलुरु की यात्रा तय शेड्यूल के मुताबिक ही मिल सकेगी।
- नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, उड्डयन मंत्री

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।