पारंपरिक फसलों को छोड़ें! हल्दी और नागरमोथा की वैज्ञानिक खेती से दोगुनी होगी किसानों की कमाई
किसानों की आय बढ़ाने के लिए फरीदपुर में हल्दी और नागरमोथा की वैज्ञानिक खेती पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 100 से अधिक किसानों को लाभकारी जीवाणुओं के उपयोग और जैविक खाद निर्माण की जानकारी दी गई।

एआई इमेज
HighLights
फरीदपुर में 100 से अधिक किसानों को दिया गया वैज्ञानिक प्रशिक्षण, जैविक खाद निर्माण इकाई का शुभारंभ
संवाद सहयोगी, फरीदपुर (संभल)। औषधीय एवं सुगंधित फसलों की खेती किसानों की आय बढ़ाने का बेहतर माध्यम बन सकती है। इसी उद्देश्य से शुक्रवार को ग्राम सिसैया मगनपुर स्थित ज्ञान भूमि विद्यापीठ परिसर में सीएसआईआर-अरोमा मिशन 4.0 के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई), लखनऊ और चठिया फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में 100 से अधिक किसानों ने प्रतिभाग कर हल्दी और नागरमोथा की खेती की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण के दौरान एनबीआरआई के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. बीएन सिंह ने हल्दी की खेती में लाभकारी जीवाणुओं के उपयोग, उनका मिश्रण तैयार करने और खेतों में प्रयोग करने की विधि समझाई।
उन्होंने पौधों की वृद्धि और स्वास्थ्य में लाभकारी सूक्ष्मजीवों की भूमिका बताते हुए कहा कि वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर किसान उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार कर सकते हैं।
इस अवसर पर चठिया फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड में स्थापित जैविक खाद निर्माण इकाई का भी उद्घाटन किया गया। यहां पेड़-पौधों की सूखी पत्तियों और अवशेषों से लाभकारी जीवाणुओं की मदद से करीब एक महीने में जैविक खाद तैयार की जाएगी।
मुख्य अतिथि ने इसे प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग और टिकाऊ खेती की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कंपनी के निदेशक प्रोफेसर डॉ. शिव ओम सिंह राठौर ने बताया कि एनबीआरआई के वैज्ञानिकों के सहयोग से किसानों को फूलों, औषधीय और सुगंधित पौधों की खेती के लिए वैज्ञानिक प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
कंपनी का प्रयास है कि इन सुविधाओं का लाभ दूरदराज के किसानों तक भी पहुंचे। एनबीआरआई के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. देवेंद्र सिंह ने हल्दी की बुवाई का उपयुक्त समय, विधि, फसल प्रबंधन और अधिक उत्पादन प्राप्त करने की तकनीक बताई।
प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राकेश नैनवाल ने नागरमोथा की खेती, उसके औषधीय उपयोग, उत्पादन और विपणन से जुड़ी जानकारी दी। बरेली कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. जसपाल सिंह ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती के महत्व पर प्रकाश डाला।
वहीं, वनस्पति विज्ञान के प्रोफेसर डॉ. विवेक कुमार ने सूक्ष्मजीवों के उपयोग और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने प्रोफेसर मनु प्रताप, डॉ. विवेक कुमार और प्रोफेसर डॉ. जसपाल सिंह को सम्मानित किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।