विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली: 8 महीने बाद खुली सेटेलाइट नाला हादसे की फाइल, अब नपेंगे नगर निगम के ये 3 बड़े अधिकारी!

Published: Fri, 27 Nov 2026 02:36 PM (IST)

बरेली के सेटेलाइट बस स्टैंड पर खुले नाले में गिरकर युवक की मौत के आठ माह बाद शासन ने कार्रवाई शुरू की है। दो अवर अभियंताओं और एक सफाई निरीक्षक को आरोपपत्र जारी कर सुरक्षा में लापरवाही पर जवाब मांगा गया है।

सेटेलाइट बस स्टैंड स्थित नाले में गिरे युवक को लेकर चल रहा राहत एवं बचाव कार्य। जागरण आर्काइव

सेटेलाइट बस स्टैंड स्थित नाले में गिरे युवक को लेकर चल रहा राहत एवं बचाव कार्य। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. सुरक्षा इंतजाम और हादसे के बाद उठाए गए कदमों पर होगी जवाबदेही तय

जागरण संवाददाता, बरेली। सेटेलाइट बस स्टैंड परिसर में खुले नाले में गिरकर हरदोई निवासी युवक की मौत के आठ माह बाद शासन ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। उप निदेशक नगरीय विकास की ओर से अवर अभियंता वीर पटेल व अनुराग कमल और सफाई निरीक्षक विवेक कुमार को आरोपपत्र जारी किया गया है।

तीनों से हादसे के समय किए गए सुरक्षात्मक प्रबंध, भूमिका और घटना के बाद उठाए गए कदमों के संबंध में जवाब मांगा गया है। शासन की इस कार्रवाई से नगर निगम निर्माण व स्वास्थ्य विभाग में हलचल बढ़ गई है।

शहर के सबसे व्यस्ततम बस स्टैंड सेटेलाइट पर 24 मार्च की रात हरदोई निवासी तौहीद खुले नाले में गिर गया था। करीब 30 घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद उसका शव बरामद हुआ था।

हादसे के बाद निगम के अभियंताओं की कार्यप्रणाली और खुले नाले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे। इस पर नगर निगम की जांच कमेटी ने घटनास्थल और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की पड़ताल की थी।

जांच में दो अवर अभियंताओं, सफाई निरीक्षक सहित अन्य जिम्मेदारों की भूमिका सामने आई थी। नाले को सुरक्षित करने, बेरिकेडिंग और चेतावनी के पर्याप्त इंतजाम न होने को लेकर सवाल उठे थे।

इस पर नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. भानु प्रकाश को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के साथ दोनों अवर अभियंता व सफाई निरीक्षक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की थी। अब शासन की ओर से आरोपपत्र जारी कर तीनों अधिकारियों से उनकी भूमिका और सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों पर जवाब मांगा गया है।

माना जा रहा है कि आरोपित अभियंताओं के द्वारा जवाब दाखिल करने के साथ ही शासन की ओर से कठोर कार्रवाई की जा सकती है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि शासन ने दोनों अभियंताओं व सफाई निरीक्षक को आरोपपत्र जारी किया है।

अब जवाब से तय होगी जिम्मेदारी

सेटेलाइट बस स्टैंड शहर का व्यस्ततम बस अड्डा है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे सार्वजनिक स्थल पर खुले नाले के कारण हुई मौत ने सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर किया था।

आठ माह बाद शासन की कार्रवाई ने फिर सवाल खड़ा किया है कि हादसे से पहले सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए और जिम्मेदार अधिकारियों ने समय रहते क्या कदम उठाए थे।

यह भी पढ़ें- बरेली में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर पेंच: 5 सीटों पर सपा के संभावित चेहरे तय, पर कांग्रेस ने मांगा 'पंजा'

यह भी पढ़ें- बरेली बनेगा यूपी का नया IT हब! अब नौकरी के लिए नोएडा-बंगलुरु जाने की नहीं पड़ेगी जरूरत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।