विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर पेंच: 5 सीटों पर सपा के संभावित चेहरे तय, पर कांग्रेस ने मांगा 'पंजा'

Published: Thu, 26 Nov 2026 05:58 PM (IST)

कांग्रेस और सपा के बीच आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बरेली में सीट बंटवारे पर मंथन चल रहा है। कांग्रेस ने पांच सीटों पर दावेदारी की है, जबकि सपा ने पहले ही पांच सीटों पर अपने संभावित उम्मीदवारों को हरी झंडी दे दी है।

एआई जेनरेटेड इमेज है।

एआई जेनरेटेड इमेज है।

HighLights

  1. पिछले चुनाव में तीन सीटों पर लड़ी थी कांग्रेस, जमानत नहीं बचा सके थे उम्मीदवार

  2. नौ सीटों पर सपा ने लड़ा था चुनाव, बहेड़ी व मीरगंज जीता, सात में दूसरे स्थान पर

कमलेश शर्मा, बरेली। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर मंथन चल रहा है। जिले की नौ सीटों में से कांग्रेस ने पांच सीटों पर दावेदारी पेश की है जबकि सपा पांच सीटों पर टिकट के दावेदारों को पहले ही ग्रीन सिग्नल दे चुकी है। पिछले विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था।

सपा दो सीटें जीती थी और सात सीटों पर दूसरे स्थान पर रही थी, जबकि कांग्रेस ने तीन सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उम्मीदवार जमानत भी नहीं बचा सके थे। पिछले चुनाव के आंकड़ों को आधार माना जाए तो कांग्रेस की दावेदारी कमजोर प्रतीत हो रही है।

गठबंधन में सीट बंटवारे की चर्चा में वर्ष 2022 के चुनाव परिणाम को सामने रखा जा रहा है, लेकिन इसके आधार पर कांग्रेस बरेली में कहीं नहीं टिक रही है।

कांग्रेस जिले की जिन पांच सीटों पर दावेदारी कर रही है, जिनमें कैंट, आंवला, मीरगंज, नवाबगंज और फरीदपुर शामिल हैं। अब इन सीटों पर पिछले चुनाव परिणाम की बात करें तो कैंट से भाजपा के संजीव अग्रवाल निर्वाचित हुए थे।

सपा की सुप्रिया ऐरन को 88,163 और कांग्रेस के मोहम्मद इस्लाम अंसारी को महज 2,280 मत मिल सके थे। इस सीट पर सपा अभी निर्णय नहीं ले सकी है।

आंवला सीट पर पिछले चुनाव में भाजपा के धर्मपाल सिंह जीते थे जो वर्तमान पशुधन मंत्री बने, जो अब राज्यसभा सदस्य चुने जा चुके हैं। सपा के पं. राधा कृष्ण शर्मा को 70,532 वोट जबकि कांग्रेस के ओमवीर को 2,307 वोट मिले थे।

जबकि बसपा के लक्ष्मण प्रसाद को 18,773 और निर्दलीय जीराज सिंह को 5,382 वोट मिले थे। सपा आंवला सीट पर पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव को विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाकर उनके पुत्र डाॅ. देवेंद्र यादव को चुनाव लड़ाने के संकेत दे दिए गए हैं। इसलिए इस सीट पर समझौता होना आसान नहीं दिख रहा है।

अब मीरगंज की बात करते हैं, पिछले चुनाव में भाजपा के डाॅ. डीसी वर्मा निर्वाचित हुए थे, सपा के सुल्तान बेग को 83,995 जबकि कांग्रेस के मु. इलियास को 5,288 मत प्राप्त हुए थे।

नवाबगंज सीट पर भाजपा के डाॅ. एमपी आर्य विधायक हैं, यहां सपा पिछले चुनाव में एक लाख से अधिक वोट प्राप्त करने वाले पूर्व मंत्री भगवत सरन को ग्रीन सिग्नल दे चुकी है।

फरीदपुर विधानसभा सीट की चर्चा करें तो पिछले चुनाव में यहां भाजपा से प्रो. श्याम बिहारी लाल निर्वाचित हुए थे, जिनका निधन हो चुका है। सपा के विजयपाल को यहां से 89,149 जबकि कांग्रेस उम्मीदवार विशाल सागर को महज 1,744 वोट ही मिल सके थे।

बहेड़ी से सपा के अताउर रहमान और भोजीपुरा से शहजिल इस्लाम विधायक हैं, इन दोनों विधायकों को इस बार भी चुनाव मैदान में उतरने के लिए ग्रीन सिग्नल मिल चुका है।

बिथरी चैनपुर सीट पर भाजपा छोड़कर आए पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप की पुत्री कीर्ति कश्यप को भी सपा ग्रीन सिग्नल दे चुकी है। सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव का कहना है कि सीटों का बंटवारा राष्ट्रीय नेतृत्व के स्तर पर हो रहा है।

पार्टी हाईकमान से जो भी निर्णय लिया जाएगा उसी के अनुरूप जिले की सभी नौ सीटों पर सपा और गठबंधन के उम्मीदवारों को पूरे दमखम से चुनाव लड़ाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बरेली बनेगा यूपी का नया IT हब! अब नौकरी के लिए नोएडा-बंगलुरु जाने की नहीं पड़ेगी जरूरत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।