Engine Blast in Pilibhit: खेत में स्टार्ट करते ही फट गया इंजन, किसान व मैकेनिक की मौत
Engine Blast in Pilibhit इंजन काफी तेज धड़धड़ाने लगा तो किसान व मैकेनिक दोनों कुछ पीछे हट गए लेकिन इसी बीच इंजन फट गया। उसके दोनों चक्के हवा में उछले। एक चक्का किसान के ऊपर गिरा तो दूसरा मैकेनिक से जा टकराया।

पीलीभीत, जागरण संवाददाता। Engine Blast in Pilibhit: रविवार को सुबह बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव आजमपुर बरखेड़ा में इंजन फटने (Engine Blast) से उसके चक्कों की चपेट में आकर किसान और मैकेनिक की मृत्यु हो गई। इससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिवारों में चीत्कार मची है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे के बारे में ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त की।
गांव के किसान शिवकुमार के खेत पर लगा बोरिंग इंजन अचानक खराब हो गया। उन्हें अपने खेत की सिंचाई करनी थी। सुबह करीब साढ़े छह बजे वह गांव में ही रहने वाले मैकेनिक महेश पाल को उसके घर से बुला लाए और खेत पर लगे इंजन को ठीक कराने के लिए साथ ले गए। मैकेनिक ने इंजन ठीक करने का प्रयास किया।
सुबह करीब साढ़े आठ बजे जब इंजन को दुरुस्त करके स्टार्ट किया तो वह अचानक स्पीड पकड़ने लगा। स्पीड कम करने का मैकेनिक ने प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सका। इंजन काफी तेज धड़धड़ाने लगा तो किसान व मैकेनिक दोनों कुछ पीछे हट गए लेकिन, इसी बीच इंजन फट गया। उसके दोनों चक्के हवा में उछले। एक चक्का किसान के ऊपर गिरा तो दूसरा मैकेनिक से जा टकराया।
धमाके की आवाज सुनकर निकट के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। इस बीच हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए किसान और मैकेनिक दोनों ने दम तोड़ दिया। जब इस घटना के बारे में किसान और मैकेनिक के स्वजन को जानकारी हुई तो वे रोते-बिलखते हुए खेत पर पहुंचे। मौके पर ग्रामीणों की काफी भीड़ एकत्र हो गई।
सूचना पर थाना प्रभारी अचल कुमार भी फोर्स के साथ गांव जा पहुंचे। पुलिस ने दोनों के शव अपने कब्जे में ले लिए। घटना के बाबत ग्रामीणों से जानकारी ली। थाना प्रभारी का कहना है कि हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए थे। दोनों लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।