'ये तो ट्रेलर है...', दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग; गोल्डी बरार गिरोह ने ली जिम्मेदारी
बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी और उनकी बहन खुशबू पाटनी के घर के बाहर हवाई फायरिंग की घटना हुई। गोल्डी बरार नामक फेसबुक अकाउंट से फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई जिसमें धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया गया। पोस्ट में कहा गया कि प्रेमानंद महाराज और अनिरुद्धाचार्य महाराज का अपमान किया गया है और सनातन धर्म को नीचा दिखाने का प्रयास किया गया है।

जागरण संवाददाता, बरेली। अभिनेत्री दिशा पाटनी के सिविल लाइंस स्थित घर के दरवाजे पर 12 राउंड फायरिंग कर बाइक सवार बदमाश फरार हो गए। इस घटनाक्रम को दिशा पाटनी की बहन रिटायर्ड मेजर खुशबू पाटनी के वीडियो से जोड़ा जा रहा, जिसमें उन्होंने कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के 'लिवइन' वाले बयान पर आपत्ति जताई थी। शुक्रवार रात चर्चा रही कि खुशबू की आपत्ति से नाराज गैंग्सटर गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गिरोह ने फायरिंग कराई। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि अभी किसी गिरोह का हाथ होने की पुष्टि नहीं है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी लिखी गई है।
जुलाई में कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने लड़कियों के लिवइन रिलेशनशिप में रहने पर टिप्प्णी की थी। इसके विरोध में दिशा पाटनी की बहन खुशबू ने वीडियो जारी किया तो इंटरनेट मीडिया पर बहस छिड़ी थी। बाद में खूशबू ने नये वीडियो में कहा था कि कुछ लोग मेरे बयान को संत प्रेमानंद महाराज के विरुद्ध भी जोड़ रहे हैं। मैंने उनके विरुद्ध कोई टिप्पणी नहीं की, उनका आदर करती हूं। कई बयान-वीडियो के बीच गोल्डी बरार गिरोह की ओर से संतों के विरुद्ध टिप्पणी करने वालों को धमकी भरी पोस्ट की गईं थी।
शुक्रवार दोपहर को दिशा पाटनी के पिता रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि सुबह 3.46 बजे स्पोर्ट्स बाइक से आए दो युवक उनके दरवाजे पर फायरिंग कर भाग गए। उस समय घर में जगदीश पाटनी, उनकी पत्नी पद्मा और बेटी खुशबू थीं, जबकि दिशा मुंबई में रहती हैं। फायरिंग की आवाज सुनते ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद एसपी सिटी मानुष पारिक जांच करने पहुंचे। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जगदीश पाटनी से मुलाकात कर उनके घर सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। फायरिंग करने वालों की तलाश में पांच टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज से भी कुछ सुराग मिले हैं।
देर रात इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट की जाने लगीं कि फायरिंग की जिम्मेदारी गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गिरोह ने ली है। इस संबंध में दावा किया गया कि 'रोहित गोदारा गोल्डी बरार' फेसबुक पेज से मैसेज पोस्ट कर फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई है। उसमें लिखा कि संत प्रेमानंद महाराज व अनिरुद्धाचार्य पर टिप्पणी से नाराज होकर फायरिंग कराई गई है। यह सिर्फ ट्रेलर है, यदि किसी ने यह गलती दोहराई तो छोड़ेंगे नहीं। हमारे पूज्य संतों का अपमान किया, सनातन धर्म को नीचा दिखाने की कोशिश की गई। यह मैसेज फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सभी लोगों के लिए भी है।
पुलिस के अनुसार, इस फेसबुक पेज एवं पोस्ट की सत्यता अभी साबित नहीं हुई है। फायरिंग करने वाले युवक और उनका उद्देश्य क्या था, यह जांच में साबित होगा। आरोपितों ने पहली मंजिल को निशाना बनाते हुए फायर किए, जिसके निशान दीवार पर हैं। आरंभिक जांच में विदेशी पिस्टल से फायरिंग की आशंका जताई जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।