अचानक बारादारी थाने पहुंचे DIG मुनिराज, जीडी रजिस्टर चेक करते ही पकड़ा इंस्पेक्टर का 'खेल'
डीआईजी मुनिराज ने बारादरी थाना प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा और सभी रिकॉर्ड दुरुस्त करने, साफ-सफाई बनाए रखने व जनोन्मुखी पुलिसिंग के निर्देश दिए।

थाना में निरीक्षण के दौरान डीआईजी मुनिराज।
HighLights
डीआईजी मुनिराज ने बारादरी थाने का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण में गंदगी, अव्यवस्थित रजिस्टर और जीडी में गड़बड़ी मिली।
थाना प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा, सुधार के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, बरेली। डीआईजी मुनिराज ने शनिवार को बारादरी थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षक के दौरान अपराध समेत तमाम रजिस्टर मैंटेन न मिलने के साथ गंदगी भी मिली। यहां तक कि जीडी में थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह की एंट्री गाड़ी के साथ फील्ड में दिखाई गई लेकिन वह और गाड़ी भी थाने में मिली। डीआईजी ने थाना प्रभारी का स्पष्टीकरण मांगा और सभी रिकॉर्ड और साफ-सफाई दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने औचक निरीक्षण में लापरवाही मिलने पर थाना प्रभारी का मांगा स्पष्टीकरण
डीआईजी ने निरीक्षण के दौरान थाना स्तर पर प्राप्त होने वाले शिकायती प्रार्थना पत्रों को गंभीरतापूर्वक लेते हुए उनका समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित करने, भूमि विवाद संबंधी प्रकरणों में राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर प्रभावी निस्तारण कराने, थाना कार्यालय के महत्वपूर्ण अभिलेखों यथा अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, जनसुनवाई रजिस्टर एवं मालखाना अभिलेखों को सुव्यवस्थित एवं अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए।
लोगों को जागरूक करने के दिए निर्देश
डीआईजी ने महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन के दृष्टिगत संचालित मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने साइबर धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतों पर गोल्डन आवर में तत्काल कार्रवाई और लोगों को बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। थाने पर नियुक्त बीट आरक्षियों से संवाद कर उनके बीट क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, संवेदनशील स्थानों एवं अपराधियों की निगरानी के संबंध में जानकारी ली।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर एसपी सौरभ दीक्षित ने किया बड़ा फेरबदल: सीओ सिटी बदले, जलालाबाद को नया CO मिला
यह भी पढ़ें- UP IPS Transfer: आगरा में आईपीएस अधिकारियों का तबादला, प्रशांत कुमार एडीजी और अभिषेक सिंह बने डीआईजी
रात की गश्त को और प्रभावी बनाएं
डीआईजी मुनिराज ने सभी बीट पुलिसकर्मियों को यक्ष एप का शत-प्रतिशत एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने और संबंधित सूचनाओं को नियमित रूप से अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा परिसर की साफ-सफाई एवं सुव्यवस्था बनाए रखने, संतरी पहरा एवं रात्रि गश्त को अधिक प्रभावी बनाने और पुलिस की कार्यप्रणाली को जनोन्मुखी बनाते हुए आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।