UP IPS Transfer: आगरा में आईपीएस अधिकारियों का तबादला, प्रशांत कुमार एडीजी और अभिषेक सिंह बने डीआईजी
प्रदेश सरकार ने 30 आइपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। प्रशांत कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन और अभिषेक सिंह को आगरा परिक्षेत्र का पुलिस उपमहानिरीक्षक बनाया गया है।

डीआईजी अभिषेक सिंह व एडीजी प्रशांत कुमार।
HighLights
प्रदेश सरकार ने 30 आइपीएस अधिकारियों का तबादला किया।
प्रशांत कुमार बने आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक।
अभिषेक सिंह आगरा परिक्षेत्र के नए पुलिस उपमहानिरीक्षक।
जागरण संवाददाता, आगरा। प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को 30 आइपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन एसके भगत को मुख्यालय महानिदेशक लखनऊ तो अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन लखनऊ प्रशांत कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन बनाया गया है।
वहीं, सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह को आगरा परिक्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आगरा परिक्षेत्र के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय को अलीगढ़ परिक्षेत्र का डीआईजी बनाया गया है।
प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र भेजा
अलीगढ़ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र भेजा है। प्रभाकर चौधरी वर्ष 2010 बैच के आइपीएस अधिकारी हैं। वह वर्तमान में अलीगढ़ परिक्षेत्र में डीआईजी के पद पर तैनात थे। वहीं, शैलेश कुमार पांडेय वर्ष 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वे आगरा परिक्षेत्र से स्थानांतरित होकर अलीगढ़ भेजे गए हैं। शैलेश कुमार पांडेय मथुरा में एसएसपी रह चुके हैं।