Entertainment : बरेली में सिनेमाघर संचालक कर रहे बड़ी फिल्मों के रिलीज होने का इंतजार, बोले- डब फिल्मों में नहीं है दर्शकों को खीचने की क्षमता
Entertainment News केंद्र सरकार ने लॉकडाउन से बंद चल रहे सिनेमा को शुरुआत में आधी क्षमता के साथ चलाने की घोषणा की थी। अब एक फरवरी से पूरी क्षमता से चलाए जाने के निर्देश दिए है लेकिन सिनेमाघर संचालक अभी सिनेमाघरों को न खोलने के मूड में हैं।

बरेली, जेएनएन। Entertainment News : केंद्र सरकार ने लॉकडाउन से बंद चल रहे सिनेमा को शुरुआत में आधी क्षमता के साथ चलाए जाने की घोषणा की थी। बाद में एक फरवरी से इसे पूरी क्षमता से चलाए जाने के निर्देश दिए हैं। सरकार की ओर से मिले आदेश के बाद भी सिनेमाघर संचालक अभी सिनेमाघरों को न खोलने के मूड में हैं। इसके पीछे का कारण बड़ी फिल्मों का न होना है। वर्तमान में चालू सिनेमाघरों में आधे तो दूर एक तिहाई भी दर्शक नहीं पहुंच रहे हैं। मौजूदा समय में बड़े सिने अभिनेता न होने से हॉलीवुड की डब हिंदी फिल्में या छोटी फिल्मों को ही दिखाया जा रहा है, जो दर्शकों को सिनेमा हॉल तक खीचने में सक्षम नहीं है।
होली के बाद रौनक लौटने की उम्मीद
होली के आसपास अभिनेता अक्षय कुमार की सूर्यवंशी आने की उम्मीद है। जब यह मूवी रिलीज होगी तब दर्शकों के सिनेमाघरों तक पहुंचने की उम्मीद है। वहीं सिनेमाघर संचालकों का मानना है कि बड़े बजट व बड़ स्टार कास्ट की फिल्मों के आने के बाद ही भीड़ वापस लौटने की उम्मीद है।
अभी भी आधे से ज्यादा बंद है सिनेमाघर
शहर के कैंट स्थित नटराज सिनेमा, सिविल लाइंस स्थित कमल सिनेमा, हिंद सिनेमाघरों में अभी ताले लगे हुए हैं। जबकि फीनिक्स मॉल स्थित पीवीआर, शहर के सिविल लाइंस स्थित प्रभा सिनेमाघर, कुमार सिनेमाघर शुरु तो हो गए हैं, लेकिन अभी यहां आधी क्षमता के मुताबिक भी लोग नहीं पहुंच रहे हैं।
नई मूवी रिलीज न होने के कारण दर्शकों की संख्या न के बराबर है। भले ही पूरी क्षमता के साथ सिनेमाघर खुल गए हैं, लेकिन बिना नई अच्छी मूवी के दर्शकों की संख्या नहीं बढ़ने की उम्मीद है। - जितेंद्र अग्रवाल, संचालक प्रभा सिनेमा
जब तक नई मूवी नहीं आती, देखने वालों की संख्या नहीं बढ़ती है तब तक सिनेमाघर को खोला जाना मुश्किल है। 10 माह से अधिक समय हो गया है। अभी सिनेमाघर खोलने में समय लगेगा। - संजय अग्रवाल, संचालक नटराज सिनेमा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।