Weather Update: बरेली में 40 डिग्री तापमान से मिली राहत, तीन दिन तक बारिश के आसार, ठंडी हवाओं से लुढ़का पारा
दोपहर से शाम तक बूंदाबांदी आज भी वर्षा के आसार। शनिवार रात से ही बिगड़ गया था मौसम। चार मई तक गिरा रहेगा तापमान। एसी और कूलर लोगों ने किए बंद। गर्मी और उसम से राहत मिली। किसान काे सता रहा है गेहूं की फसल के नुकसान का डर।

बरेली, जागरण संवाददाता। पिछले करीब चार दिनों से मौसम ने लोगों को राहत दी है। शनिवार रात हुई वर्षा से रविवार को तापमान और भी गिर गया। रविवार को पूरे दिन रुक-रुककर हुई बूंदाबांदी से रात का मौसम ठंडा हो गया। तापमान में भी करीब तीन डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिक डा. आरके सिंह बताते हैं कि पश्चिमी विक्षोभ से ही इन दिनों आंधी और वर्षा की संभावना बनी है। चार मई तक आंधी और बारिश के कारण अधिकतम तापमान में भारी गिरावट हो सकती है।
रविवार के मुकाबले सोमवार को करीब तीन से चार डिग्री तापमान गिरने के आसार है। यदि बादलों का साया ऐसे ही मंडराता रहा तो 15 से 20 एमएम वर्षा की संभावना हैं। तीन मई को भी करीब 10 एमएम वर्षा हो सकती है। इससे मई के पहले सप्ताह में भी लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। मगर दूसरे हफ्ते से गर्मी का प्रकोप एक बार फिर शुरू होगा और लोगों को 40 डिग्री सेल्सियस तक गर्मी झेलनी पड़ सकती हैं। मई के बीच में लू चलने के भी पूरे आसार हैं।
इस वर्षा से पालेज को हो सकता है नुकसान
विशेषज्ञों की माने तो बिन मौसम होने वाली इस वर्षा से पालेज की फसल को नुकसान हो सकता है। हालांकि, गन्ने की फसल को यह अच्छी साबित हो सकती है। गेहूं की फसल कटने से किसान का एक नुकसान टल गया है।
पांच और छह मई को रहेंगे बादल
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, चार मई तक तो वर्षा के आसार हैं, लेकिन पांच और छह मई को भी बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान भी 36 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना हैं। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 22 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।