बरेली के झुमका तिराहे पर बनेगा फ्लाईओवर, 208 किमी नई सड़क के निर्माण से बदलेगी शहर की यातायात व्यवस्था
बरेली शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए व्यापक गतिशीलता योजना शुरू की गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
208 किमी नया सड़क नेटवर्क विकसित करने की योजना।
झुमका तिराहे सहित चार स्थानों पर बनेंगे फ्लाईओवर।
रिंग-रेडियल और ग्रिड प्रणाली से जुड़ेंगे शहर के रास्ते।
जागरण संवाददाता, बरेली। शहर के एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचने के लिए अब पुराने और संकरे रास्तों पर निर्भरता कम करने की तैयारी है। बढ़ते यातायात दबाव और प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम से निपटने के लिए व्यापक गतिशीलता योजना (सीएमपी) में 208 किलोमीटर का नया सड़क नेटवर्क विकसित करने पर काम आरंभ कर दिया गया है।
इसमें केवल नई सड़कें बनाने की ही नहीं, बल्कि शहर के अलग-अलग मार्गों को आपस में जोड़ने के साथ झुमका, स्टेडियम रोड पर नए पुल के साथ यातायात का दबाव बांटने की योजना है।
रिंग-रेडियल और ग्रिड आधारित व्यवस्था के तहत नए बाइपास बनने के साथ छूटे हुए संपर्क मार्ग विकसित किए जाएंगे। इससे बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को शहर के भीतरी हिस्सों से होकर गुजरने की मजबूरी कम होगी और एक मार्ग पर यातायात का बोझ बढ़ने से रोका जा सकेगा।
योजना के तहत सड़क नेटवर्क को तीन स्तरों पर विकसित करने का प्रस्ताव है। इसमें भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने 29 किमी. लंबे बाइपास पर काम तेज कर दिया है। इसके अलावा 45 किलोमीटर नए संपर्क मार्ग विकसित कर शहर की सड़क व्यवस्था को ग्रिड के रूप में जोड़ने की योजना है।
छूटी कड़ियों को जोड़ने के लिए 45 किलोमीटर नए मार्ग प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें पीलीभीत रोड से नैनीताल रोड, बदायूं रोड से लाल फाटक रोड और इज्जतनगर रेलवे स्टेशन से जुड़े मार्ग को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग प्रमुख हैं।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि विशेषज्ञों की ओर से इन रास्तों के विकसित होने से अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्ते मिलने की संभावना व्यक्त की गई है। खासकर उन क्षेत्रों को लाभ होगा, जहां अभी मुख्य मार्गों तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है।
चार स्थानों पर फ्लाईओवर का भी प्रस्ताव
योजना में यातायात के दबाव और सड़क सुरक्षा को देखते हुए चार स्थानों पर फ्लाईओवर बनाने की संस्तुति भी की गई है। इनमें बड़ा बाइपास पर झुमका तिराहा और बीसलपुर चौराहा, स्टेडियम रोड पर ईट पजाया चौराहा और पीलीभीत रोड पर डेलापीर चौराहा शामिल हैं। इसके अलावा 17 किलोमीटर सड़कों के चौड़ीकरण और उन्नयन का प्रस्ताव है। पुराने शहर के करीब 27 किलोमीटर मार्गों के सुधार की भी योजना बनाई गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।