तहरीक-ए-तालिबान से जुड़े तार, बरेली पुलिस ने पकड़ा पाकिस्तान हथियार सप्लाई करने वाला गैंग, वाट्सएप से चैट में खुलासा
सुखराज और अजमल की इंस्टाग्राम और वाट्सएप पर कई बार बातचीत हुई, जिसमें टेक्स्ट मैसेज के साथ वाइस चैट भी ...और पढ़ें

पकड़े गए आरोपितों की जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
HighLights
उपद्रव में सप्लाई किए थे हथियार
जागरण संवाददाता, बरेली। जिस तरह के बढ़िया हथियार चाहिए, उसे बार्डर के माध्यम से ड्रोन से पंजाब तक पहुंचा दिया जाएगा। इसके बाद हमारे लिए काम करना होगा। इंस्टाग्राम और वाट्सएप पर पाकिस्तान के आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान के सदस्य अजमल गुर्जर से बरेली के सुखराज की चैट में यही बातचीत पुलिस को मिली है। आतंकी शहजाद भट्टी के संगठन तहरीक-ए-तालिबान का मॉड्यूल भारत के युवाओं को इंस्टाग्राम के माध्यम से हथियारों की सप्लाई के जरिए संपर्क कर उनसे वारदातें कराना है।
सुखराज व उसके साथियों से भी हथियार सप्लाई के बाद किसी वारदात को अंजाम दिलाने की फिराक में थे लेकिन सभी पुलिस के हत्थे पहले ही चढ़ गए। दो महीने पहले ही गृह मंत्रालय ने शहजाद भट्टी नेटवर्क को आंतकी संगठन घोषित किया था।
पंजाब में पहले करा चुके घटनाएं
पुलिस जांच में पता चला कि सुखराज सात-आठ महीने पहले अजमल गुर्जर के जरिए इंस्टाग्राम पर संपर्क में आया था। अजमल इंस्टाग्राम पर हथियारों की रील डालता है। इन रील को कोई अधिक बार लाइक करता है तो अजमल उनसे संपर्क करता था। सुखराज ने भी हथियारों की रील लाइक की थीं। इसके बाद अजमल ने उससे पहले इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क किया।
अजमल गुर्जर पाकिस्तानी संगठन तहरीक-ए-तालिबान का है सदस्य
इसके बाद दोनों की वाट्सएप नंबर पर चैट हुई। पुलिस को सुखराज के मोबाइल से कुछ चैट मिली हैं और कुछ चैट डिलीट कर दी गई थीं। जो चैट मिली है, उसमें वाइस चैट भी है। इस चैट में ही अजमल कह रहा है कि बढ़िया से बढ़िया पिस्टल सप्लाई की जाएगी। इसके लिए पहली डील भी 1.5 लाख रुपये में हुई। इस चैट में अजमल ने अपने संगठन के लिए काम कराने की बात भी कही है।
पंजाब में एएसआई पर फायरिंग की संगठन ने ली थी जिम्मेदारी
अक्टूबर में पंजाब के अमृतसर में ड्यूटी से घर लौट रहे रेलवे पुलिस के एएसआई सुखचैन सिंह पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान ने ली थी। इसके अलावा पंजाब क्षेत्र में हुईं अन्य घटनाओं में भी इस संगठन का हाथ रहा है। यह संगठन कम उम्र के युवाओं को जोड़कर पुलिस या थानों में हमले करवाने का काम करता है। इसके अलाव आतंकी गतिविधियां भी संचालित कराता है।
ड्रोन के जरिए पंजाब में भेजता हथियार
पुलिस पूछताछ और चैट से मिली जानकारी के अनुसार सुखराज की मौसी पंजाब में रहती हैं। वह लगभग दो वर्ष पहले अमृतसर भी गया था। पाकिस्तानी आतंकी ने हथियार का सौदा करने के बाद पंजाब में लेने के लिए बुलाया था। वह ड्रोन के माध्यम से पंजाब के बार्डर पर हथियार भेजता। सुखराज कुछ दिनों बाद पंजाब जाने की तैयारी कर रहा था लेकिन उससे पहले पकड़ा गया।
यह भी पढ़ें- बरेली के खंडहर में बन रहे थे हथियार, पाकिस्तान के इंस्टाग्राम हैंडलर से हुई थी सप्लाई की डील; 4 गिरफ्तार
आईबी सहित अन्य खुफिया एजेंसियों ने की पूछताछ
हथियार तस्करों का पाकिस्तान कनेक्शन आने के बाद पुलिस की ओर से तुरंत खुफिया एजेंसियों को जानकारी दी गई। एलआईयू के साथ आईबी ने भी तस्करों से पूछताछ की और चैट से संबंधित जानकारी भी जुटाई। एटीएएस व अन्य एजेंसियां आगे की जांच में भी लगी हैं। वहीं आगे की जांच के लिए एसआइटी गठित की जाएगी, जिसमें पुलिस के साथ ही साइबर की टीम भी लगाई जाएगी।
वीडियो चैट भी हुई, रिकवर कराएगी पुलिस
सुखराज और अजमल की इंस्टाग्राम और वाट्सएप पर कई बार बातचीत हुई, जिसमें टेक्स्ट मैसेज के साथ वाइस चैट भी है। उनकी वीडियो कॉल पर भी बात हुई थी। इसमें कुछ ही चैट बचीं और बाकी डिलीट कर दी गईं। अब सभी चैट पुलिस रिकवर कराएगी। इससे पता चल सकेगा कि उनकी क्या-क्या बातें हुईं। क्या सिर्फ हथियारों की सप्लाई की बात हुई या फिर भारत में किसी आतंकी या अन्य घटना अंजाम देने की कोई बातचीत तो नहीं हुई थी। इसके लिए साइबर टीम के साथ अन्य एजेंसियों की भी मदद ली जाएगी।
उप्रदव में इशरत ने सप्लाई किए थे हथियार, गुरुसेवक और अनस थे संपर्क में
पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया लेकिन मौके से गुरुसेवक और अनस फरार हो गए। दोनों ही हथियारों की डिलीवरी करते थे। ये दोनों ही बहेड़ी के हिस्ट्रीशीटर इशरत पहलवान से जुड़े हुए हैं। दोनों की फोन पर बातचीत का भी अहम सुराग मिला है। इशरत पहलवान हथियारों की सप्लाई करता है। उसने ही पिछले वर्ष शहर में हुए उपद्रव में हथियारों की सप्लाई कराई थी। उस दौरान भी पाकिस्तान कनेक्शन आया था। अब पुलिस इशरत पहलवान की भी तलाश में जुट गई है।
हथियारों की रील लाइक करना अपराध
पुलिस का कहना है कि सुखराज व उसके साथी हथियारों की रील लाइक करके ही आतंकी संगठन के संपर्क में आ गए। यह संगठन युवाओं को ही अपने जाल में फंसाता है। ऐसे में इंस्टाग्राम या अन्य इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर रील लाइक करना या फिर रील या फोटो पोस्ट करना खतरनाक है। यह अपराध की श्रेणी में आता है।
पाकिस्तान हैंडलर ने बरेली के हथियार तस्कर को हथियार सप्लाई करने के साथ अपने संगठन के लिए काम करने को भी कहा था। इसकी चैट मिली है। कुछ चैट डिलीट की गई हैं, जिन्हें रिकवर कराया जाएगा। जांच के लिए एसआइटी बनाई है। खुफिया एजेंसियां भी लगी हैं।
अनुराग आर्य, एसएसपी बरेली
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।