बरेली के खंडहर में बन रहे थे हथियार, पाकिस्तान के इंस्टाग्राम हैंडलर से हुई थी सप्लाई की डील; 4 गिरफ्तार
बरेली के बहेड़ी में पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस मामले ...और पढ़ें

प्रेसवार्ता में मामले का खुलासा करते एसएसपी अनुराग आर्य
HighLights
बहेड़ी में अवैध शस्त्र फैक्ट्री पकड़ने के बाद पुलिस की जांच में हुआ राजफाश
जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली के बहेड़ी में पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्ट्री का राजफाश करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। शस्त्रों की तस्करी का पाकिस्तान कनेक्शन सामने आया है। तस्करों ने पाकिस्तान के इंस्टाग्राम हैंडलर से संपर्क कर हथियारों की बिक्री की डील की थी। इसके डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस को मिले हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता में बताया कि गोपनीय इनपुट मिलने पर बहेड़ी सीओ के नेतृत्व में थाना पुलिस और एसओजी को लगाया गया था।
पुलिस ने गन्ना उत्पादक महाविद्यालय से पहले बरेली से बहेडी आने वाली रोड किनारे स्थित खंडहर में चल रही शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। यहां पर रायफल, पिस्टल व तमंचे बन रहे थे।
मौके से सुखराज सिंह निवासी ग्राम सिकपुरा भोजपुर जोगीठेर बहेड़ी, शानू मियां निवासी ग्राम पचपेडा बहेडी, जीवनदीप सिंह निवासी ग्राम स्वालेनगर, बिलासपुर रामपुर और जसनूर सिंह निवासी ग्राम मैनाकोट, माधौटांडा, पीलीभीत को गिरफ्तार किया गया।
मौके से एक तमंचा, एक पिस्टल 9 एमएम, एक राइफल, दो अधबनी नाल, चार मोबाइल और अन्य अधबने हथियार बरामद किए गए। मौके से दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि मौके से भागने वाले उनके साथी इशरत पहलवान से जुड़े हैं। इशरत पहलवाल हथियारों की तस्करी में जेल जा चुका है।
सुखराज ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से पाकिस्तानी एन्फुलेंसर से भी जुड़ा है। ये एन्फुलेंसर शस्त्रों की वीडियो इत्यादि डालते रहते हैं।
चारों आरोपितों के मोबाइल फोनों की जांच की गई तो सुखराज के फोन में पाया कि इंस्टाग्राम के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर के संपर्क में आया है। उससे इंस्टाग्राम और वाट्सएप के माध्यम से हथियारों की सप्लाई के संबंध में बात हुई है, जिसके कुछ साक्ष्य फोन में मिले हैं। इसके अलावा कई चैट पहले ही डिलीट की जा चुकी हैं।