बरेली: सिर्फ कागजों पर चलता था करोड़ों का कारोबार, ऐसे हड़पा 4.39 करोड़ का टैक्स; हरदोई और रुद्रपुर से दो गिरफ्तार
बरेली में फर्जी फर्में खोलकर करोड़ों की टैक्स चोरी के मामले में हरदोई और रुद्रपुर के दो आरोपियों को गिरफ्तार ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
हरदोई और रुद्रपुर के आरोपितों ने किया फर्जीवाड़ा, फर्जी कागजों से हड़पते थे इनपुट टैक्स क्रेडिट
जागरण संवाददाता, बरेली। फर्जी फर्में खोलकर करोड़ों की टैक्स चोरी में हरदोई निवासी दीपांशु तिवारी व रुद्रपुर (उत्तराखंड) का राहुल अग्रवाल पकड़ा गया। शनिवार को दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। दोनों आरोपितों के संपर्क में कई अन्य फर्जी फर्म संचालक भी थे, जिनके जरिये सिर्फ कागजों में कारोबार होता था।
बिहार के वैशाली निवासी अभिषेक ठाकुर के नाम से नवादा शेखान में ठाकुर इंटरप्राइजेज नाम से फर्म पंजीकृत कराई। इस फर्म का जौनपुर में पंजीकृत विनोद इंटरप्राइजेज से फर्जी लेनदेन दर्शाया गया था।
इसकी जानकारी पर राज्य कर अधिकारी ने 31 अक्टूबर 2025 को बारादरी थाने में ठाकुर इंटरप्राइजेज के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एसआइटी जीएसटी के विवेचक निरीक्षक संजय धीर ने बताया कि ठाकुर इंटरप्राइजेज ने यादव सर्विसेस, रानी ट्रेडिंग कंपनी और एमएमटी इंटरप्राइजेज को फर्जी आपूर्ति एवं खरीद-बिक्री दर्शायी।
फर्जी बिल आदि का उपयोग किया। इसके जरिये 4.39 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट (आइटीसी) हड़प लिया। फर्म के पंजीकरण में हरदोई के मझीला निवासी दीपांशु तिवारी की भूमिका भी पाई गई। उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
उसने स्वीकारा कि दिल्ली से बीकाम करने के बाद वर्ष 2016-2017 में एकाउंट एवं टेली सीखी। इसके बाद आनंद पर्वत की पाइप फैक्ट्री में एक साल काम करने के बाद साथियों के संग मिलकर फर्जी बिलिंग आदि करने लगा।
उसके जिम्मे फर्मों की जीएसटीएन लागिन आइडी, पासवर्ड और ई-मेल के साथ फर्जी बिल बनाने का कार्य था। ठाकुर इंटरप्राइजेज के जीएसटी रिटर्न-एक और जीएसटी-तीन उसने पत्नी सोनाली के मोबाइल से दाखिल किए।
किराये की दुकान लेकर खोली फर्म
दूसरे मामले में उपायुक्त राज्य कर ने बहेड़ी थाने में अग्रवाल प्लाईवुड के मालिक राहुल अग्रवाल पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वह रुद्रपुर के किंग्सटन एलायंस स्टेट फेस-दो का रहने वाला है। शनिवार को उसे गिरफ्तार किया गया।
उसने बताया कि फर्म उसके पैन कार्ड पर बनी, मगर पिता का मोबाइल नंबर व ई-मेल आइडी दोस्त की दर्ज की थी। पुलिस के अनुसार, राहुल और उसके दो साथियों ने 2020-21 में बहेड़ी में दुकान किराये पर लेकर फर्जी फर्म बनाई, फिर 10 दिन दुकान छोड़ दी।
पंजीकृत फर्म के जरिये उसने फर्जीवाड़ा कर आइटीसी हड़पी। फर्म के नाम से आइसीआइसीआइ बैंक की कानपुर शाखा में खाता खोला गया था। तीन वर्ष पहले जीएसटी विभाग ने फर्म बंद कर दी थी।
यह भी पढ़ें- बरेली मंडल में 'पराली' पर लगाम: सैटेलाइट निगरानी के असर से 65% घटे मामले, इन दो जिलों में सबसे ज्यादा सख्ती की जरूरत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।