बरेली में बाइबिल पाठ से मतांतरण कराने वाला पादरी गिरफ्तार, लोगों को लालच और डर दिखाकर डालता था दबाव
बरेली पुलिस ने ब्रज किशोर नामक एक व्यक्ति को मतांतरण कराने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उस पर लालच और डर दिखाकर लोगों को बाइबिल का पाठ कराने और ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव डालने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। महमूद बेग नामक एक अन्य मतांतरण आरोपी के बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।

जागरण टीम, बरेली। प्रलोभन, डर दिखाकर ब्रज किशोर आर्य लोगों का मतांतरण करा रहा था। प्रार्थना के नाम पर उन्हें एक कमरे में बाइबिल का पाठ कराया जा रहा था। गांव वालों को जब इसकी सूचना मिली तो पुलिस के साथ पहुंच गए। मौके से पुलिस ब्रज किशोर को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू कर दी। गांव के ही हरिशंकर के शिकायती पत्र पर पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है।
अलीगंज के कुंडरिया फैजुल्लापुर गांव निवासी हरिशंकर और भजनलाल ने पुलिस को बताया कि उन्हें पिछले आठ-नौ माह से खुद को पादरी बताने वाला ब्रज किशोर डरा धमका रहा है। तरह-तरह के लालच दे रहा है, कहता है कि वह सभी मतांतरण कर लें। इसके लिए मना करने पर आरोपित धमकाता है और दबाव बनाता है।
अलीगंज थाने में लिखाई प्राथमिकी, कहा कि करवाता था बाइबिल का पाठ
आरोप यह भी है कि आरोपित हर दिन दोपहर 12 बजे से लेकर दो बजे तक गांव के कई लोगों को बाइबिल व ईसाई धर्म से संबंधित अन्य पुस्तकों को पढ़वाता है। उन्होंने पुलिस को बताया कि गांव के ही कुछ लोगों ने जब उन्हें इस मतांतरण के जाल की पूरी कहानी समझाई तो उनकी समझ में आया। इसके बाद रविवार को भी आरोपित ब्रज किशोर गांव के कई लोगों को बाइबिल का पाठ करा रहा था।
बजरंग दल के नेता मौके पर पहुंचे
उसी दौरान गांव के ही कुछ बजरंग दल के नेता मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खुद को पादरी बताने वाले ब्रज किशोर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके से कई वस्तुएं भी बरामद की हैं। पुलिस का कहना हैं कि इस मामले में पूछताछ के बाद आगे की पूरी कार्रवाई की जाएगी।
गांव के ही लोगों ने शिकायत की थी कि, ब्रज किशोर बाइबिल आदि पढ़ाकर लोगों पर दबाव बनाकर मतांतरण करा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ जारी है।
- अंशिका वर्मा, एसपी साउथ।
महमूद बेग के बैंक अकाउंट के खंगाले जा रहे ट्रांजेक्शन
महमूद बेग भले ही जेल चला गया लेकिन, पुलिस उसकी पूरी कुंडली लगातार खंगाल रही है। उसके पास से मिली वस्तुओं के अलावा पुलिस ने उसके सभी बैंक खातों की एनालिसिस भी शुरू कर दी है। आशंका है कि उसके तीन अकाउंट के अलावा भी अन्य कई खाते हो सकते हैं। महमूद के पेन कार्ड के आधार पर अन्य खातों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
महमूद बेग को पुलिस ने सात सितम्बर को किया था गिरफ्तार
मतांतरण गैंग का आरोपित महमूद बेग को पुलिस ने सात सितंबर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। क्योंकि उसकी पत्नी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी कि पुलिस ने महमूद बेग को उठाया और वह उसे किसी झूठे मामले में फंसा सकती है।
हाईकोर्ट के आदेश पर उसे वहां पेश किया गया, पुलिस को पांच दिन की रिमांड मिली जिसमें उसने कई महत्वपूर्ण चीजें पुलिस को बताई। उसी के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है, पुलिस को अभी तक उसके तीन बैंक खाते मिले हैं जिनके स्टेटमेंट को खंगालना शुरू कर दिया है। आशंका है कि उसे भी कहीं न कहीं से फंडिंग होती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।