Bareilly News: बेटी की शादी के लिए किसान ने लिया था कर्ज, पुलिस ने लौटाई रकम
बेटी की शादी के लिए किसान ने बैंक से कर्ज लिया। खाते में कर्ज की रकम पहुंची ही थी कि साइबर ठगों ने बुजुर्ग को अपना निशाना बना लिया। साइबर पुलिस से पीड ...और पढ़ें

जासं, बरेली : बेटी की शादी के लिए किसान ने बैंक से कर्ज लिया। खाते में रकम पहुंची ही थी कि साइबर ठग की नजर पड़ गई। फोन कर साइबर ठग ने किसान को बातों में फंसाया और ओटीपी पूछकर कई बार में उनके खाते से तीन लाख 64 हजार आठ सौ रुपये उड़ा दिये। खाते से रकम कटने की जानकारी पर किसान को बेटी के विवाह की चिंता सताने लगी। इस बीच खाकी उनकी मददगार बनकर आई।
पुलिस ने होल्ड कराई रकम
साइबर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और ठगी की रकम होल्ड करा दी। तीन लाख 64 हजार आठ सौ रुपये में साइबर पुलिस तीन लाख 39 हजार आठ सौ रुपये वापस कराने में सफल रही। नवाबगंज के परोधी गांव निवासी भोलानाथ किसान हैं। उन्होंने साइबर पुलिस को बताया कि 18 मार्च को उनके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने बैंक से लिये लोन के संदर्भ में बात शुरू करी। इसी बीच उसने बातों में फंसा लिया।
साइबर पुलिस को दी जानकारी
कहा कि आपके नंबर पर एक ओटीपी आया होगा, वह बता दें। भोलानाथ समझ नहीं पाए और ओटीपी बता दिया, जिसके बाद उनके खाते से रकम कट गई। रकम कटने की जानकारी पर तुरंत ही वह नवाबगंज थाने पहुंचे। नवाबगंज पुलिस ने तुरंत ही साइबर पुलिस को फोन कर घटनाक्रम की जानकारी दी।
पुलिस ने वापस कराई रकम
भोलानाथ साइबर पुलिस के पास पहुंचे, जिसके बाद टीम जांच में लगी। पता चला कि उड़ाई गई रकम में 25 हजार रुपये इस्तेमाल किये जा चुके हैं। लिहाजा, शेष रकम को तुरंत ही पुलिस ने होल्ड कराया और रकम वापस करा दी। साइबर क्राइम शाखा प्रभारी कृष्णवीर सिंह ने बताया कि साइबर ठगी से बचाव के लिए अनजान फोन नंबर, लिंक पर किसी भी तरह की जानकारी साझा ना करें।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।