विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 24, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bareilly News: गैस एजेंसी पर खड़े सिलेंडर भरे ट्रक में लगी आग, धमाकों से दहला इलाका

Published: Mon, 24 Mar 2025 03:54 PM (IST)

Bareilly News - उत्तर प्रदेश के बरेली में सोमवार को एक बड़ा हादसा हुआ। रजऊ परसपुर में एलपीजी सिलेंडर से ...और पढ़ें

घटनास्थल से निकलता धुआं व बुझाने की कोशिश करते अग्निशमनकर्मी। जागरण
घटनास्थल से निकलता धुआं व बुझाने की कोशिश करते अग्निशमनकर्मी। जागरण

HighLights

  1. शाहजहांपुर से सप्लाई लेकर रजऊ परसपुर के गोदाम में लेकर आया था ट्रक चालक
  2. ट्रक के इंजन में शार्ट सर्किट से लगी थी आग, पहले बुझाने का प्रयास नहीं बुझी तो भागे

जागरण संवाददाता, बरेली। सोमवार दोपहर रजऊ परसपुर में बड़ा हादसा हो गया। शाहजहांपुर से एलपीजी की सप्लाई लेकर आए एक ट्रक में गोदाम के बाहर आ लग गई। ट्रक में करीब 360 सिलेंडर भरे थे। इनमें से 100 से अधिक सिलेंडर फटे बाकी के गैस के प्रेशर की वजह से दूर जा गिरे। 

कई सिलेंडर ऐसे थे जो जलते हुए 500 मीटर दूर तक गए। धमाकों की वजह से एजेंसी का पूरा कार्यालय ध्वस्त हो गया। आस-पास के गांव में दहशत का माहौल था। जलते हुए सिलेंडर खेतों में गिरने की वजह से कई खेतों में आग लग गई। 

गनीमत रही कि कोई भी सिलेंडर गोदाम के अंदर नहीं जा पाया। वहां यदि एक भी सिलेंडर पहुंच जाता तो गोदाम में करीब 500 सिलेंडर और रखे थे इसके बाद और भी बड़ा धमाका होता। 

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। अच्छी बात यह थी कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

यह है पूरा मामला

बारादरी थाना क्षेत्र निवासी मनोज शर्मा की बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के रजऊ परसपुर में महालक्ष्मी इंडेन ग्रामीण वितरण एजेंसी है। वहां से आस-पास के गांव में सिलेंडरों की सप्लाई की जाती है। 

उन्होंने पुलिस को बताया कि शाहजहांपुर से रविवार रात उनकी एजेंसी पर आने के लिए एक ट्रक रवाना हुआ था, लेकिन सुबह तक वह नहीं पहुंचा तो उन्होंने संबंधित को फोन किया। वहां से पता चला कि कुछ ही देर में ट्रक पहुंचने वाला है। 

दोपहर करीब 12 बजे ट्रक एजेंसी पर आया। वहां उस वक्त सिर्फ सिक्योरिटी गार्ड और उसका परिवार मौजूद था। सोमवार होने की वजह से एजेंसी की छुट्टी थी। ट्रक चालक ने गार्ड से ट्रक खाली करने को कहा तो उसने कागज आदि देखे। 

इसी बीच, करीब 12:30 बजे ट्रक के बोनट से कुछ जलने की बदबू आने लगी। बोनट खोला तो इंजन ने आग पकड़ ली। ट्रक में रखे फायर इंग्यूस्टर से आग को बुझाने का प्रयास किया गया मगर आग भड़क गई। 

यह देख गार्ड ने अपने परिवार और चालक को लेकर वहां से भाग गया और ट्रक ने आग पकड़ ली। कुछ ही देर में सिलेंडर फटने लगे तेज धमाकों की आवाज से पूरा रजऊ परसपुर दहल गया। 

ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी, स्थिति यह थी कि सिलेंडर हवा में करीब 500 मीटर दूर तक उछले और दूर जा गिरे। करीब आधा घंटा तक लगातार सिलेंडर फटते रहे किसी भी व्यक्ति की पास जाने की हिम्मत नहीं हुई। 

सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने का प्रयास किया और करीब आधा किलोमीटर दूर तक के बने घरों को खाली करा दिया गया। दो घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। गनीमत इस बात की रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

शाहजहांपुर से एलपीजी लेकर आए सिलेंडर में शार्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। उसमें करीब 360 सिलेंडर भरे थे, सभी जल गए कई सिलेंडर फटे हैं। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। 

-मुकेश मिश्र, एसपी नॉर्थ

सरकरी स्कूल व गांव के पहुंचे सिलेंडर के टुकड़े

गांव वालों के मुताबिक, हादसे का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सिलेंडर फटने के बाद उनके टुकड़े रजऊ गांव में जाकर गिरे। एक दो टुकड़े गांव के सरकारी स्कूल के मैदान में भी गिरे। 

वहां पर बच्चों की परीक्षाएं चल रही थीं, इस वजह से भी कक्षा में बैठे थे। यदि बाहर खेल रहे होते तो किसी भी बच्चे को चोट लग सकती थी। इसके अलावा, दूर खड़े गांव वालों ने धमाकों के वीडियो बनाना शुरू किया तो आग की तेज लपटें उनके कैमरे में कैद हो गई। सोशल मीडिया पर तेजी से वह वीडियो वायरल हो रहे हैं।