Bareilly News : बरेली में पत्नी को लेकर हुआ विवाद, युवक ने सौतेले भाई का गला काटकर खुद काे किया घायल
Bareilly Murder News बरेली में पत्नी को लेकर हुए विवाद को लेकर जो हत्याकांड हुआ उसमें युवक ने अपने सौतेले भाई की जान ले ली। युवक ने अपने सौतेले भाई का गला काट दिया। इसके बाद उसने खुद काे भी घायल कर लिया।

बरेली, जागरण संवाददाता। Bareilly Murder News: एक महिला को अपनी पत्नी बताने वाले दो सौतेले भाइयों के बीच चल रहा विवाद हत्याकांड में बदल गया। शाम को छोटे भाई ने सो रहे बड़े भाई का फरसा से गला काटकर हत्या कर दी, इसके बाद खुद पर भी कई प्रहार कर लिए। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपित 20 वर्ष सजा काटकर पांच महीने पहले जेल से रिहा हुआ था।
भमौरा के दलीपुर गांव में रहने वाले ओमप्रकाश व धर्मवीर सौतेले भाई थे। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2002 में धर्मवीर की भगवानदेई से शादी हुई। इसके एक महीने बाद ही धर्मवीर को गांव के सियाराम की हत्या के आरोप में 20 वर्ष की सजा हो गई। इसके बाद भगवानदेई अविवाहित जेठ ओमप्रकाश के साथ रहने लगीं।
इस समय उनके परिवार में दो बेटे, दो बेटियां हैं, जिनका पालन-पोषण ओमप्रकाश करते थे। करीब पांच महीने पहले धर्मवीर सजा पूरी कर रिहा हुआ तो घर में कलह होने लगा। वह भगवानदेई को अपने साथ रखना चाहता था मगर, वह तैयार नहीं थीं। परिवार के लोगों ने कई बार समझौता कराने का प्रयास किया लेकिन, दोनों पक्ष तैयार नहीं थे।
रविवार शाम करीब 6.30 बजे ओमप्रकाश सो रहे थे। उसी समय धर्मवीर कमरे में घुस आया। भगवानदेई को पीटा, इसके बाद ओमप्रकाश के गले पर फरसा से ताबड़तोड़ कई प्रहार कर हत्या कर दी। सीओ अजय कुमार गौतम ने बताया कि सौतेले भाई की हत्या करने के बाद ओमप्रकाश ने खुद पर भी फरसा से कई प्रहार किए। सिर, चेहरे, सीने व पेट में गहरे जख्म होने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।