बरेली के युवाओं के लिए खुशखबरी! तीन हजार नौकरियों का अवसर, बृहद रोजगार मेले में 40 कंपनियां करेंगी चयन
बरेली में युवाओं के लिए बड़ा अवसर है, जहां 2 दिसंबर को फ्यूचर विश्वविद्यालय में एक वृहद रोजगार मेला आयोजित होगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बरेली में 2 दिसंबर को वृहद रोजगार मेला।
40 कंपनियां देंगी लगभग तीन हजार नौकरियां।
रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य।
जागरण संवाददाता, फरीदपुर (बरेली)। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रोजगार पाने का बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। अब नौकरी की तलाश में दूसरे शहरों के चक्कर लगाने के बजाय उन्हें अपने क्षेत्र में ही कई कंपनियों के सामने योग्यता साबित करने का मौका मिलेगा।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, बरेली की ओर से दो दिसंबर को शाहजहांपुर रोड स्थित फ्यूचर विश्वविद्यालय में बृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें निजी क्षेत्र की करीब 40 कंपनियां शामिल होकर लगभग तीन हजार रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। रोजगार मेले की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी।
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत आयोजित इस मेले का उद्देश्य बरेली मंडल के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। इसमें विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां अपनी जरूरत के अनुसार अभ्यर्थियों की योग्यता का आकलन कर चयन प्रक्रिया पूरी करेंगी।
आयोजन में करीब तीन हजार बेरोजगार युवाओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है। महाविद्यालयों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आइटीआइ) और उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है।
मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की गई है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने रोजगार मेले की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा सुविधाएं और अग्निशमन विभाग को सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका को साफ-सफाई और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, फरीदपुर और भुता के खंड विकास अधिकारी को ग्राम प्रधानों के माध्यम से ग्रामीण युवाओं तक जानकारी पहुंचाने को कहा गया है। प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवा इस अवसर का लाभ उठाकर रोजगार प्राप्त कर सकें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।