सिद्धार्थनगर के प्रमाण पत्र पर बरेली सीएमओ के हस्ताक्षर, फर्जीवाड़े के जाल में 10 पर आरोप पत्र
दिल्ली पुलिस ने फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें सिद्धार्थनगर सीएमओ कार्यालय से जारी प्रमाण पत्र पर बरेली सीएमओ के डिजिटल हस्ताक्षर पाए गए हैं। इस मामले में 10 आरोपितों के खिलाफ तीस हजारी न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया है, जिसमें गिरोह का सरगना ललित कुमार उर्फ आदित्य भी शामिल है।

यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।
HighLights
दिल्ली पुलिस ने फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र गिरोह का भंडाफोड़ किया।
सिद्धार्थनगर से जारी प्रमाण पत्र पर बरेली सीएमओ के हस्ताक्षर मिले।
दस आरोपितों के खिलाफ तीस हजारी न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह का नेटवर्क कई जिलों में फैला था। इसकी जांच कर रही दिल्ली पुलिस की पड़ताल में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। सिद्धार्थनगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय से जारी एक प्रमाण पत्र पर बरेली के सीएमओ के डिजिटल हस्ताक्षर मिले हैं।
सात जनवरी को मेरठ निवासी शशांक सिंह के नाम से जारी इस प्रमाण पत्र में चलने-फिरने में दिक्कत को दिव्यांगता का कारण दर्शाया गया था। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 10 आरोपितों के विरुद्ध तीस हजारी न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया है। इसमें सिद्धार्थनगर सीएमओ कार्यालय के दो कर्मचारियों को भी आरोपित बनाया गया है।
पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना अलीगढ़ निवासी ललित कुमार उर्फ आदित्य फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र तैयार कराने और उन्हें संबंधित लोगों तक पहुंचाने का काम करता था। 31 अगस्त को उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन और लैपटाप बरामद किए थे। इनमें फर्जी प्रमाण पत्रों से संबंधित जानकारियां, लाभार्थियों के नाम और तैयार किए जा चुके प्रमाण पत्रों का ब्योरा मिला। साथ ही ऐसे लोगों की सूची भी मिली, जिनके प्रमाण पत्र तैयार किए जाने थे।
जांच में यह भी सामने आया कि कुछ प्रमाण पत्र एक जिले के सीएमओ कार्यालय से जारी किए गए थे, जबकि उन पर डिजिटल हस्ताक्षर किसी दूसरे जिले के सीएमओ के थे। शशांक सिंह के नाम से जारी प्रमाण पत्र इसी तरह की गड़बड़ी का उदाहरण है। सिद्धार्थनगर कार्यालय से जारी प्रमाण पत्र पर बरेली के सीएमओ के स्कैन किए गए डिजिटल हस्ताक्षर का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस अब बरामद अभिलेखों के आधार पर ऐसे अन्य प्रमाण पत्रों की भी पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें- बहराइच-खलीलाबाद रेल लाइन: सिद्धार्थनगर में प्रथम चरण के अधिग्रहण का कार्य पूरा, 95 प्रतिशत किसानों को मिला मुआवजा
सीएमओ कार्यालय के तीन अधिकारियों के दर्ज किए बयान
मामले में सिद्धार्थनगर से जारी प्रमाण पत्र पर बरेली के सीएमओ के डिजिटल हस्ताक्षर मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम ने यहां पहुंचकर जांच की थी। 16 सितंबर को डिप्टी सीएमओ डॉ. रामगुलाम सिंह और जिला मलेरिया अधिकारी सुनील चौधरी से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए गए थे।
इसके बाद 22 सितंबर को दिव्यांग बोर्ड के सदस्य एवं ईएनटी सर्जन डॉ. संजय कुमार शर्मा का भी बयान लिया गया था। दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।