बहराइच-खलीलाबाद रेल लाइन: सिद्धार्थनगर में प्रथम चरण के अधिग्रहण का कार्य पूरा, 95 प्रतिशत किसानों को मिला मुआवजा
सिद्धार्थनगर में बहराइच-खलीलाबाद नई रेल लाइन परियोजना के पहले चरण का भूमि अधिग्रहण पूरा हो गया है, जिसमें 95% किसानों को मुआवजा मिल चुका है। दूसरे चरण में बांसी और डुमरियागंज तहसीलों में अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है, साथ ही खेसरहा स्टेशन का निर्माण भी शुरू हो गया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
पहले चरण में 27 गांवों की भूमि का अधिग्रहण पूरा।
95 प्रतिशत प्रभावित किसानों को मुआवजा मिल चुका है।
खेसरहा रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य भी शुरू हुआ।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। बहराइच-खलीलाबाद नई रेल लाइन परियोजना के तहत सिद्धार्थनगर में रेल कनेक्टिविटी विकसित करने की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है। पहले चरण में बांसी तहसील के 27 गांवों की 82.81 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा कर रेलवे को कब्जा सौंपा जा चुका है।
प्रभावित किसानों और भूमि स्वामियों में करीब 95 प्रतिशत को मुआवजा भी मिल चुका है। इस हिस्से में मिट्टी पटाई का कार्य चल रहा है। ग्राम बत्सा में प्रस्तावित खेसरहा रेलवे स्टेशन का निर्माण भी शुरू हो गया है। हालांकि, बांसी और डुमरियागंज तहसीलों में दूसरे चरण की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया अभी बाकी है।
परियोजना के तहत जिले में खेसरहा, बांसी और डुमरियागंज तीन रेलवे स्टेशन प्रस्तावित हैं। इसके अलावा एक हाल्ट, दो क्रासिंग स्टेशन और छितौना में रेलवे ओवरब्रिज बनाया जाना है। शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) डॉ. ज्ञान प्रकाश ने संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर अधिग्रहण और निर्माण कार्यों की प्रगति देखी।
बांसी तहसील में दूसरे चरण के तहत रेल लाइन के लिए 18 गांवों और ओवरब्रिज के लिए पांच गांवों में अधिग्रहण की कार्रवाई चल रही है। रेल लाइन से जुड़े 10 गांवों में धारा 20ई की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। यहां 15 दिसंबर तक अधिनिर्णय घोषित करने का लक्ष्य है।
शेष आठ गांवों में भी अधिसूचना प्रकाशित हो चुकी है। इनका अधिनिर्णय 31 दिसंबर तक पूरा करने की तैयारी है। ओवरब्रिज से संबंधित पांच गांवों में अधिनिर्णय घोषित हो चुका है। किसानों को दो दिसंबर से मुआवजा देने की तिथि निर्धारित है।
डुमरियागंज तहसील के 46 गांवों में 158.7221 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण प्रस्तावित है। इनमें 15 गांवों में अधिनिर्णय घोषित हो चुका है और करीब 50 प्रतिशत मुआवजा वितरित किया गया है। अन्य 15 गांवों में 30 नवंबर तक अधिनिर्णय पूरा करने का लक्ष्य है। यहां 15 दिसंबर से भुगतान शुरू करने की योजना है।
यह भी पढ़ें- नेपाल में राजशाही की मांग ने फिर पकड़ा जोर: स्थिरता के लिए राजेंद्र लिङ्देन की अपील
13 गांवों में दावों और आपत्तियों की सुनवाई के बाद भौतिक सत्यापन होना है, जबकि तीन गांवों में सुनवाई की प्रक्रिया शेष है। ग्राम बत्सा के प्रधान शिवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि स्टेशन बनने से विद्यार्थियों, किसानों और व्यापारियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। रेलवे के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता अमरजीत के अनुसार भूमि उपलब्धता के अनुसार निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है।
अपर जिलाधिकारी डा. ज्ञान प्रकाश ने बताया कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार प्रतिकर भुगतान और अधिग्रहण की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी कराने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में AI से आधार बदलकर बनाते थे फर्जी दिव्यांग सर्टिफिकेट, डेढ़ लाख में होता था सौदा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।