यात्री का जान बचाने वाले बरेली जीआरपी के पांच जवान सम्मानित, नेकी का इनाम मिला तो खिल उठे चेहरे
बरेली सिटी स्टेशन पर एक यात्री की जान बचाने वाले पांच जीआरपी जवानों को पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी. ने प्रशस्ति पत्र और 500-500 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

यात्री की जान बचाने वाले जवान प्रशस्ति पत्र के साथ। सौ. जीआरपी
HighLights
बरेली जीआरपी के पांच जवानों को किया गया सम्मानित।
यात्री की जान बचाने के लिए मिला नकद पुरस्कार।
मिर्गी के दौरे से गिरे यात्री को सुरक्षित बचाया गया।
जागरण संवाददाता, बरेली। सिटी स्टेशन पर यात्री की जान बचाने वाले जीआरपी के पांच जवानों को मंगलवार को पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी. ने प्रशस्ति पत्र और 500-500 रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान नेकी का इनाम मिलने पर उनके चेहरे खिल उठे।
दरअसल, 11 नवंबर को हल्द्वानी के नीलकंठ विहार निवासी प्रदीप सिंह लालकुआं-बरेली सिटी पैसेंजर (55314) से बरेली सिटी स्टेशन पहुंचे थे। उन्हें कासगंज जाना था और वह 15062 कासगंज एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान मिर्गी का दौरा पड़ने से उनका संतुलन बिगड़ा और वह प्लेटफार्म से रेलवे ट्रैक पर गिर गए।
प्लेटफार्म ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल मुनेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल भरत कुमार, कांस्टेबल दयालु कुमार, महिला कांस्टेबल रिंकी चौधरी और महिला कांस्टेबल चंचल शर्मा तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदीप सिंह को सुरक्षित ट्रैक से उठाकर हेल्प डेस्क पर बैठाया और प्राथमिक उपचार दिया।
जवानों ने काफी देर तक उनकी देखभाल की, जिसके बाद उन्हें होश आया और उन्होंने अपना नाम-पता बताया। प्रदीप के पास मोबाइल फोन नहीं था और वह किसी स्वजन का नंबर भी नहीं बता सके।
उन्होंने जवानों को बताया कि उन्हें अक्सर मिर्गी का दौरा पड़ता है और इसकी दवा चल रही है। पूरी तरह स्वस्थ महसूस करने पर जवानों ने उन्हें कासगंज जाने वाली ट्रेन में सुरक्षित बैठाकर रवाना किया।
यह भी पढ़ें- गंगा मेले में घोड़ों की प्रदर्शनी, उम्दा नस्ल के घोड़े दिखाएंगे अपनी चाल और कद-काठी, विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार
यह भी पढ़ें- वीरता पदक विजेताओं की एकमुश्त पुरस्कार राशि और वार्षिकी अब होगी दोगुनी: सीएम योगी