Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बरेली में कई जगहों पर हुई झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत, लेकिन जलभराव ने खड़ी की परेशानी

    Updated: Thu, 18 Sep 2025 11:41 PM (IST)

    बरेली में गुरुवार को मौसम ने करवट बदली और शाम को झमाझम बारिश हुई जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद आसमान में इंद्रधनुष दिखाई दिया जो शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। कई इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानी हुई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को बारिश की संभावना है।

    Hero Image
    वर्षा ने दी राहत, इंद्रधनुष ने बिखेरे रंग। जागरण

    जागरण संवाददाता, बरेली । जिले में गुरुवार को मौसम ने करवट बदली। शाम को बादल मंडराने के बाद अनुकूल मौसम बना। इससे शहर में कई जगह आधा घंटे झमाझम वर्षा हुई। इसके बाद हल्की फुहारों के बीच नीले आसमान में इंद्रधनुष रंग बिखरते नजर आया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में आसमान साफ रहने की संभावना जताई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शहर में कई दिनों से हो रही उमसभरी गर्मी से वर्षा ने कुछ हद तक निजात दिलाई। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 31.6 और न्यूनतम पारा 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, बीते 24 घंटों में 3.5 एमएम वर्षा दर्ज की गई। शाम चार बजे झमाझम वर्षा शुरू हुई, जिससे मौसम सुहाना बन गया। आधा घंटे हुई वर्षा के बाद शहरवासियों के लिए इंद्रधनुष आकर्षण का केंद्र बना।

    इस मनोरम दृश्य को लोग कैमरे में कैद करते नजर आए। शहर के सुभाषनगर, चंद्रपुरम, बालाजी नगर, बीडीए कालोनी, मढ़ीनाथ, शांति विहार, नेकपुर आदि क्षेत्रों में जलभराव होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

    सबसे खराब स्थिति सुभाष नगर पुलिया की रही। नाले से आ रहे बदबूदार पानी और अव्यवस्थाओं ने वर्षा होने के आनंद में खटास डालने का काम किया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को वर्षा होने की संभावना है। इसके बाद 20 सितंबर के बाद आसमान साफ रहने के आसार हैं।