हिंदू युवती को प्रेमजाल में फंसाकर मतांतरण और निकाह का बनाया दबाव, नहीं मानने पर सिर फोड़ा
बरेली में रियान नामक एक व्यक्ति ने एक हिंदू महिला को प्रेम जाल में फंसाकर उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव डाला। विरोध करने पर उसने महिला के साथ मारपीट की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने रियान और उसके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी की बात कही है।

जागरण संवाददाता, बरेली। हिंदू महिला को प्रेमजाल में फंसाकर रियान उर्फ बिट्टू ने उस पर मतांतरण का दबाव बनाया। उसने विरोध किया तो पीछाकर उसके साथ मारपीट की और सिर फोड़ दिया।
मामले में महिला के शिकायती पत्र पर कोतवाली पुलिस ने आरोपित और उसके परिवार वालों के विरुद्ध प्राथमिकी लिखी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
किला थाना क्षेत्र निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि पंजाब में कुछ वर्ष पहले उसने प्रेम विवाह किया था। वहां पर एक बेटी को जन्म दिया, लेकिन पति-पत्नी के बीच अलगाव हो गया। तब से वह मायके में मां के साथ रह रही है।
महिला ने पुलिस को बताया कि सात माह पहले वह कोहाड़ापीर पुलिया स्थित रियान की दुकान पर मिक्सी ठीक कराने गई थी। उसने कुछ देर में आने की बात कहकर नंबर ले लिया। उसके बाद महिला को लगातार परेशान कर रहा था।
महिला का आरोप है कुछ दिन बाद उसने फोन कर कहा कि जल्दी दुकान पर आओ। नहीं आई तो अंजाम बुरा होगा। जब वह दुकान पर पहुंची तो आरोपित ने अपने परिवार से मिलवाया। इसके बाद उसके स्वजन ने महिला पर मतांतरण कर निकाह करने का दबाव बनाया, मगर महिला वहां से चली आई। आरोप है कि चार सितंबर को वह चार वर्ष की बेटी के साथ घी मंडी जा रही थी।
उसी दौरान आरोपित ने पीछे से लोहे की राड से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। आरोप है कि आरोपित उनकी बेटी को जबरन उठाकर ले जाने लगा। शोर मचाने पर आस-पास के लोगों ने बचाया। महिला के शिकायती पत्र पर पुलिस ने आरोपित रियान, उसकी बहन रिंकी, सिन्हा, शिमपी, बब्बू, बहनोई वसीम और मां अज्जो के विरुद्ध प्राथमिकी लिख ली है।
महिला के शिकायती पत्र पर कोतवाली में प्राथमिकी लिख ली गई है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। महिला अपराधों के विरुद्ध बरेली पुलिस सख्त है।
- आशुतोष शिवम, सीओ प्रथम।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।