यूजीसी के विरोध में इस्तीफा देने वाले निलंबित नगर मजिस्ट्रेट की जांच पूरी, अलंकार अग्निहोत्री पर सभी आरोप सिद्ध
निलंबित नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के खिलाफ जांच पूरी हो गई है, जिसमें उन पर लगे सभी आरोप सही पाए गए हैं।

अलंकार अग्निहोत्री ने 26 जनवरी को यूजीसी के विरोध में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। जागरण अर्काइव
HighLights
निलंबित नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री की जांच पूरी हुई।
मंडलायुक्त ने अग्निहोत्री पर लगे सभी आरोप सिद्ध किए।
अग्निहोत्री ने विभागीय कार्रवाई पर उठाए सवाल, सरकार पर तंज।
जागरण संवाददाता, बरेली। यूजीसी के विरोध में इस्तीफा देने वाले निलंबित नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के खिलाफ जांच पूरी हो गई है। जांच अधिकारी मंडलायुक्त शम्भू कुमार ने उनके खिलाफ लगे तीनों आरोप को सही पाया है। कमिश्नर ने अग्रिम कार्रवाई के लिए रिपोर्ट शासन को भेज दी है।
अलंकार अग्निहोत्री ने 26 जनवरी को यूजीसी के विरोध में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। दिन भर चली गहमागहमी के बाद देर रात अलंकार को निलंबित कर दिया गया था। उनके विरुद्ध मंडलायुक्त को जांच अधिकारी बनाया गया था।
जांच अधिकारी ने अपनी जांच में अलंकार को सरकारी पद पर रहते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने, अधिकारी होते हुए भी वर्ग विशेष को लेकर टिप्पणी करने और इस्तीफा स्वीकार होने से पूर्व ही डीएम आवास पर धरना प्रदर्शन करने का दोषी पाया है।
अग्निहोत्री बोले- सरकार करे बर्खास्त
इधर, अग्निहोत्री का कहना है कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप जांच में सिद्ध कर दिए गए हैं। ऐसे में अब सरकार उन्हें बर्खास्त कर दे। उन्होंने इसे अपनी लड़ाई का अहम पड़ाव बताते हुए विभागीय कार्रवाई पर सवाल उठाए। अग्निहोत्री के मुताबिक इस्तीफा देने के बाद उनके खिलाफ तीन आरोप पत्र जारी किए गए थे।
अब कमिश्नर का पत्र मिलने के बाद जांच के निष्कर्ष सामने आए हैं। उन्होंने इस दस्तावेज को देश का ऐतिहासिक आरोप पत्र और सरकारी अभिलेख बताते हुए भाजपा सरकार पर जातिगत विभाजन और सामाजिक वैमनस्य को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
कहा कि देश को जातियों में बांटने और फूट डालो-राज करो की नीति से सामाजिक टकराव के हालात पैदा किए जा रहे हैं। यूजीसी रेगुलेशन 2026 पर अपनी आपत्ति दोहराते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि नए नियमों से सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के प्रति भेदभावपूर्ण माहौल बनेगा। आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलने की बात भी कही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।