निलंबित PCS अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री बरेली मंडलायुक्त के समक्ष होंगे पेश, 'राम' पार्टी के संस्थापक देंगे जवाब
26 जनवरी को सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देने के बाद निलंबित हुए अलंकार अग्निहोत्री आज मंडलायुक्त के सामने अपना पक्ष रखेंगे। उन्होंने यूजीसी नियमों और माघ मेले की घटना के विरोध में इस्तीफा दिया था और अब अपनी 'राम' पार्टी बनाई है।

निलंबित पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री
HighLights
निलंबित अलंकार अग्निहोत्री आज मंडलायुक्त के सामने होंगे पेश
26 जनवरी को सिटी मजिस्ट्रेट पद से दिया था इस्तीफा
यूजीसी नियमों के विरोध में बनाई थी 'राम' पार्टी
जागरण संवाददाता, बरेली। गणतंत्र दिवस के दिन सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देने वाले अलंकार अग्निहोत्री सोमवार को यहां मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखेंगे। पांच माह पहले शासन ने उन्हें प्रांतीय सिविल सेवा से निलंबित कर शामली संबद्ध कर दिया था। मामले की जांच मंडलायुक्त कर रहे हैं।
26 जनवरी को सिटी मजिस्ट्रेट बरेली के पद से दिया था इस्तीफा,
अलंकार अग्निहोत्री जनवरी में बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट पद पर तैनात थे। उन्होंने 26 जनवरी को यूजीसी के नए नियमों को ‘काला कानून’ बताते हुए और माघ मेले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्यों के साथ हुई घटना के विरोध में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने सरकार का जमकर विरोध किया। कलेक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन भी किया।
शामली से कर दिया था संबंद्ध
इस पर शासन ने उन्हें प्रांतीय सिविल सेवा से निलंबित कर जिलाधिकारी कार्यालय शामली से संबद्ध कर दिया। शासन ने मामले की विभागीय जांच मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी को सौंपी। मंडलायुक्त ने आरोप-पत्र जारी कर अलंकार अग्निहोत्री से जवाब मांगा। अब उन्हें व्यक्तिगत रूप से मंडलायुक्त कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें- यूपी के 57 जिलों में आज गरज-चमक संग बिजली गिरने की चेतावनी, उमस भरी गर्मी से लोग परेशान
देर रात शहर पहुंचे अलंकार अग्निहोत्री
अलंकार अग्निहोत्री ने कुछ समय पहले राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (राम) नाम से पार्टी बना ली है। पार्टी ने जिले में आरेंद्र मिश्रा को जिलाध्यक्ष बनाया है। राम पार्टी के संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री रविवार रात बदायूं रोड स्थित पार्टी के कार्यालय पहुंचे। अलंकार अग्निहोत्री ने बताया कि उन पर जो भी आरोप लगाए गए थे, सभी गलत व निराधार हैं। वह दो माह पहले डीएम शामली के माध्यम से अपना जवाब भेज चुके हैं। बोले, उनका इस्तीफा अब तक स्वीकार नहीं किया गया है, जिसे जल्द शासन स्वीकार करें। सोमवार को जांच अधिकारी के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखा जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।