बरेली दिखेगा साफ सुथरा, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के लिए 19 करोड़ जारी
लंबे समय बाद फिर एक बार शहर के कूड़े के निस्तारण की उम्मीद जगी है। योगी सरकार ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट बनाने के लिए 19 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। नगर निगम ने पहले ही भूमि पर बाउंड्रीवाल बनवाने का काम शुरू कर दिया है।

बरेली, जेएनएन। लंबे समय बाद फिर एक बार शहर के कूड़े के निस्तारण की उम्मीद जगी है। योगी सरकार ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट बनाने के लिए 19 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। नगर निगम ने पहले ही भूमि पर बाउंड्रीवाल बनवाने का काम शुरू कर दिया है। जल्द शहर से निकलने वाले कूड़े का यहां प्लांट पर निस्तारण किया जाएगा।
शहर में सबसे बड़ी समस्या कूड़ा निस्तारण की है। रोजाना करीब साढ़े चार सौ टन कूड़ा शहर से निकलता है। कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था नहीं होने के कारण यह सारा कूड़ा बाकरगंज खड्ड में फेंका जा रहा है। इससे वहां कूड़े के ऊंचे ढेर लग गए हैं। वर्ष 2016 में रजऊ परसपुर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट शुरू किया गया था, जो कुछ समय बाद ही बंद हो गया। इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण और स्मार्ट सिटी की अच्छी रैंकिंग पाने के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की अहम भूमिका रखी गई है। इसके लिए कुछ समय पहले नगर निगम ने प्लांट लगाने को 12 करोड़ से सथरापुर में जमीन खरीदी थी। वहां नया प्लांट लगाने के लिए करीब 40 करोड़ रुपये खर्च होने हैं।
नगर निगम ने कुछ समय पहले नए प्लांट को लगाने के लिए शासन के पास प्रस्ताव भेजा था। शासन ने 19 करोड़ की मंजूरी नगर निगम को दी है। नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने बताया कि सथरापुर में प्लांट लगाने के लिए शासन ने 19 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। प्लांट की भूमि पर बाउंड्रीवाल बनाई जा रही है। वहां नया प्लांट लगाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।