Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी के इस जिले में वक्फ के कब्जे से मुक्त होंगी 812 सरकारी संपत्तियां, अभी और खंगाली जाएंगी जमीनें

    Updated: Sun, 06 Apr 2025 05:35 PM (IST)

    बाराबंकी में सरकारी अभिलेखों में दर्ज 812 संपत्तियों पर वक्फ बोर्ड ने दावा किया है। इनमें से 614 कब्रिस्तान 15 ईदगाह 6 मदरसे 12 दुकानें और 70 कर्बला शामिल हैं। वहीं वक्फ बोर्ड का दावा है कि दफा-37 के तहत यह संपत्तियां उसकी हैं। हालांकि जिले में वक्फ बोर्ड की वास्तविक संपत्तियों की संख्या लगभग 5011 है। इनमें मजार ईदगाह के साथ ही जमीनें सुरक्षित पड़ी हैं।

    Hero Image
    कब्जे से मुक्त होंगी 812 सरकारी संपत्तियां, अभी और खंगाली जाएंगी जमीनें। (तस्वीर जागरण)

    जागरण संवाददाता, बाराबंकी। सरकारी अभिलेखों में दर्ज भूमि पर वक्फ बोर्ड का 812 संपत्तियों पर दावा है। यह संपत्तियां मुक्त होंगी ही, बल्कि अभी और सरकारी जमीनों को खंगाला जाएगा। इसके लिए एक बार फिर पुन: जांच के लिए तैयार की जा रही है। शासन से आदेश मिलते ही सर्वे कराने की कार्रवाई होगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राजस्व विभाग की ओर से संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) को प्रस्तुत की गई रिपोर्ट कहा गया था कि सरकारी 812 संपत्तियों पर वक्फ का दावा पाया गया है। लगभग 108 हेक्टेयर जमीन पर कब्जा है। वहीं, वक्फ बोर्ड दावा करता है कि दफा-37 के तहत यह संपत्तियां उसकी हैं, जो उनके अभिलेख में दर्ज हैं।

    इतनी हैं वक्फ बोर्ड की संपत्तियां

    वक्फ बोर्ड के दावे के अनुसार 812 संपत्तियों में से 614 कब्रिस्तान, 15 ईदगाह, छह मदरसे, 12 दुकानें व 70 कर्बला शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 33 जगहों पर मजारें, 43 पर मस्जिद, पांच जगहों पर दरगाह, एक पाठशाला, एक खेल मैदान, एक बंजर, एक तकिया, 10 जगहों पर जमीनें पड़ी हैं।

    जेपीसी की ओर से सदन में रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी गई थी। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से बिल पास हो चुका है। बताया जा रहा है कि जिले में पूर्व में जो संपत्तियों की जांच हुई थी, उसमें 812 का विवरण है। एक बार फिर जांच होगी, इसके लिए पुलिस, बीएसए, राजस्व आदि विभागों को निर्देशित किया जाएगा।

    कहां कितनी संपत्तियों पर कब्जा

    जिले में तहसील नवाबगंज में 76 संपत्तियों में 9.167 हेक्टेयर जमीन पर वक्फ का दावा होना बताया जा रहा है। इसके अलावा रामनगर में 34 संपत्तियां में 5.157 हेक्टेयर जमीन, रामसनेहीघाट में 285 प्रापर्टी में 49.042 हेक्टेयर जमीन सरकारी बताई जा रही है। वहीं, तहसील सिरौलीगौसपुर में 11 संपत्ति पर 2.873 हेक्टेयर भूमि, हैदरगढ़ में 68 संपत्तियों में 15.801 जमीनें और फतेहपुर में 338 संपत्तियों में 26.751 हेक्टेयर जमीन पर कब्जा होने की रिपोर्ट है।

    यह हैं वक्फ बोर्ड की वास्तविक संपत्तियां

    जिले में सरकारी विभाग के अभिलेखों में 812 संपत्तियां दर्ज हैं। इन संपत्तियों को छोड़कर वक्फ की वास्तविक लगभग 5011 संपत्तियां हैं। जिन पर मजार, कर्बला, दरगाह, कब्रिस्तान, खेल मैदान, शिक्षण संस्थान, दुकानें, बाजार, मस्जिदें और ईदगाह के साथ ही जमीनें सुरक्षित पड़ी हैं। वक्फ बोर्ड की 5011 संपत्तियों में सुन्नी की 4863 और शिया की करीब 148 संपत्तियां हैं।

    सरकारी जमीनों पर 812 संपत्तियों पर वक्फ का दावा होना पाया गया था। पूर्व में हुए सर्वे की रिपोर्ट भेज दी गई थी। अब शासन से जो निर्देश आएंगे, आदेश के क्रम में कार्रवाई होगी।

    -बीके द्विवेदी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी।

    इसे भी पढ़ें- यूपी के इस ज‍िले में वक्फ के नाम अवैध रूप से दर्ज 60 प्रतिशत संपत्तियों पर मंडराया खतरा, होगा एक्‍शन!