Barabanki Bus Accident: बाराबंकी में बड़ा हादसा, रोडवेज बस पर पेड़ गिरने से पांच की मौत; 17 घायल
बाराबंकी में हैदरगढ़ जा रही एक बस पर बरगद का पेड़ गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 17 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल और सीएचसी सतरिख में भर्ती कराया गया है। तेज बारिश के कारण पेड़ अचानक बस पर गिर गया जिससे बस में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

संवाद सूत्र, बाराबंकी। हैदरगढ़ जा रही बस पर अचानक गुलर का पेड़ गिर गया। हादसे में शिक्षक, एडीओ समेत पांच की मौत हो गई, जबकि 17 लोगों को चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल एक महिला का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। 42 सीटों वाली बस में 60 यात्री सवार थे। मुख्यमंत्री ने घटना पर शोक प्रकट करते हुए मृतकों के परिवारजन को पांच-पांच लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे परिवहन निगम की बस बाराबंकी डिपो से हैदरगढ़ के लिए रवाना हुई। बस में करीब 60 यात्री सवार थे। 10:45 बजे बस जैसे ही बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर हरख के निकट राजाबाजार पहुंची अचानक सड़क किनारे लगा एक गूलर का पेड़ बारिश के कारण उस पर जा गिरा।
पेड़ बस के आगे हिस्से पर गिरा। हादसे में पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए, जिसमें एक महिला की हालत गंभीर है। ग्रामीणों की मदद से घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, उपचार के बाद 16 घायलों को घर भेज दिया गया। डीएम शशांक त्रिपाठी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
मृतकों में शिक्षक व एडीओ समेत पांच यात्री
1- शिक्षा मल्होत्रा पत्नी विनय कुमार प्राथमिक विद्यालय कादीपुर में सहायक अध्यापक, निवासी-गुलहरिया गार्दा बाराबंकी
2- जूही सक्सेना पुत्री मदन मोहन सक्सेना ब्लाक हरख में सहायक विकास अधिकारी, निवासी-पीरबटावन
3- मीना श्रीवास्तव, क्लर्क, निवासी- बंकी के उत्तर टोला
4- बस चालक संतोष कुमार पुत्र देव नारायण, निवासी- शुक्ल बाजार गांव मीही, अमेठी
5- रफीकुल निशा पत्नी मो. अली, निवासी- इन्हौना, अमेठी
गंभीर रूप से घायल
कोटवा की कुम्हरावां प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र शैल कुमारी वर्मा का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
परिवहन निगम की अनुबंधित बस पर बारिश के दौरान गूलर का पेड़ गिर गया। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना में पांच यात्रियों की दुखद मृत्यु हो गई।
शशांक त्रिपाठी, जिलाधिकारी, बाराबंकी।
बचाव में डेढ़ घंटे लगे
तेज बारिश में लगातार वन, पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बचाव कार्य शुरू हुआ। पेड़ काट कर अलग किया गया, जिसमें चालक और तीन की लाशें मिली हैं। वहीं, शीशा तोड़ कर पीछे से अन्य यात्रियों को निकाला गया। इस दौरान चीख-पुकार से मानो क्षेत्र गूंज रहा हो। हर व्यक्ति लोगों के बचाव में लगा था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।