यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बाराबंकी के श्रीराम स्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय में मिली ये गड़बड़ी, CM योगी ने दिए जांच के आदेश
बाराबंकी के श्रीराम स्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय में एलएलबी पाठ्यक्रम की मान्यता नवीनीकृत न होने पर छात्रों ने प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

HighLights
- एसआरएमयू में एलएलबी मान्यता नवीनीकरण का विरोध |
- मुख्यमंत्री ने दिए जांच और एफआईआर के आदेश |
- छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं मंत्री |
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। श्रीराम स्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय (एसआरएमयू), बाराबंकी को लेकर सरकार ने सख्त रुख दिखाया है। विश्वविद्यालय में एलएलबी पाठ्यक्रम की बार काउंसिल आफ इंडिया से मान्यता का नवीनीकरण नहीं होने को लेकर सोमवार को छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले की मंडलायुक्त से जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि विश्वविद्यालय में एलएलबी पाठ्यक्रम की मान्यता का समय से नवीनीकरण नहीं कराया गया।
इसके चलते छात्रों के भविष्य को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बन गई। साथ ही प्रवेश प्रक्रिया के दौरान अवैध वसूली, छात्रों की न्यायोचित मांगों को दबाने और बाहरी तत्वों को सहयोग देने जैसी घटनाएं भी सामने आईं। यह मामले बेहद गंभीर हैं और उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री को जानकारी दी थी।
मुख्यमंत्री ने विषय की गंभीरता को देखते हुए मंडलायुक्त से जांच कराए जाने और विश्वविद्यालय के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह मान्यता और पाठ्यक्रम संचालन से जुड़े सभी मानकों का पालन करे। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।