बाराबंकी में रेलवे का बिना टिकट यात्रियों के खिलाफ अभियान, जान जोखिम में डालकर चलती ट्रेन से कूदे
Indian Railways: रेलवे अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए 371 यात्रियों को पकड़ा और उनसे दो लाख 86 हजार 580 रुपये का जुर्माना वसूला।
HighLights
ट्रेन के टॉयलेट में छिप गए 371 यात्रियों को चेकिंग स्टाफ ने पकड़ा
बिना टिकट यात्रियों से वसूला गया दो लाख 86 हजार 580 रुपये का जुर्माना
डिजिटल डेस्क, लखनऊ : भारतीय रेलवे ने बिना टिकट यात्रियों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ा है। बाराबंकी में रेलवे के मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग अभियान के दौरान मंगलवार को अफरा-तफरी मच गई। कई बिना टिकट यात्री चलती ट्रेन से कूदने के प्रयास में चोटिल हो गए तो बड़ी संख्या में यात्रियों से जुर्माना वसूला गया है।
बाराबंकी के रसौली स्टेशन पर मंगलवार को रेलवे के मजिस्ट्रेट ने टिकट चेकिंग अभियान चलाया। लखनऊ से अयोध्या की ओर जाने वाली और अयोध्या से लखनऊ आने वाली ट्रेनों में चेकिंग की गई। यहां पर जांच टीम को देखकर कई बेटिकट यात्री चलती ट्रेन से कूदने लगे, जबकि कुछ टॉयलेट में छुप गये। रेलवे स्टेशन पर मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग के दौरान बेटिकट यात्री चलती ट्रेन से ही कूदकर भागने लगे। यह दृश्य भयावाह था, यदि यात्री चपेट में आ जाते तो कई लोगों की मौत हो जाती।
कुछ ने पकड़े जाने के डर से ट्रेन के शौचालय में छिपकर बचने की कोशिश की। कूदने वाले कई यात्री प्लेटफार्म पर गिर पड़े, चोटिल भी हुए। वहीं, शौचालयों में छिपे यात्रियों को रेलवे टीम ने बाहर निकालकर कार्रवाई की। चेकिंग टीम ने यह तथ्य छुपाए, बुधवार को जब इंटरनेट पर वीडियो प्रसारित होने लगा, तब चेकिंग का जोखिम सामने आया।
अयोध्या से लखनऊ जा रही ट्रेन संख्या 64215 में उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की टीम ने चेकिंग शुरू की। डीआरएम सुनील कुमार वर्मा और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई की जानकारी मिलते ही बेटिकट यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
मंगलवार को ट्रेन के रसौली स्टेशन पर पहुंचने और गति धीमी होने के दौरान कई यात्री दरवाजों से कूदकर भागने लगे। जान जोखिम में डालकर कूदे कुछ यात्री प्लेटफार्म पर गिर पड़े। इसके बाद भी वे मौके से भाग गए। कई यात्रियों ने खुद को बचाने के लिए ट्रेन के शौचालयों में छिपने का सहारा लिया। चेकिंग टीम ने शौचालयों की तलाशी लेकर उन्हें पकड़ लिया और कार्रवाई के लिए लखनऊ ले गई।
रेलवे के अनुसार अभियान के दौरान 371 बेटिकट यात्रियों को पकड़ा गया और उनसे दो लाख 86 हजार 580 रुपये जुर्माना वसूला गया। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि बेटिकट यात्रा से बचें और कार्रवाई के डर से चलती ट्रेन से कूदकर अपनी जान जोखिम में न डालें। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के विशेष अभियान में सात एक्सप्रेस ट्रेनों की जांच की गई। बिना टिकट यात्रा के 302 मामलों में दो 48 हजार रुपये किराए और जुर्माने के वसूले गए। वहीं, अनियमित यात्रा के 33 मामलों में 4970 रुपये किराया और 13 हजार रुपये जुर्माना जमा कराया गया।
सहायक वाणिज्य प्रबंधक लखनऊ मोहित कुमार मेंहदरत्ता के नेतृत्व में टीम ने गरीब नवाज एक्सप्रेस, अयोध्या कैंट-लखनऊ मेमू, गोरखपुर-मुंबई बांद्रा टर्मिनल अंत्योदय एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, मथुरा-छपरा एक्सप्रेस, छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस और हमसफर एक्सप्रेस में जांच की। अभियान में वाणिज्य विभाग के 30 स्क्वायड कर्मचारी, आरपीएफ के आठ और जीआरपी के छह जवान शामिल रहे।
