Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी के इस जिले में 2904 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का बढ़ेगा मानदेय, मिलेगा स्मार्ट फोन

    Updated: Fri, 19 Sep 2025 06:47 PM (IST)

    बाराबंकी जिले में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके मानदेय में वृद्धि और स्मार्ट फोन देने की घोषणा की है। इस घोषणा से जिले की 2902 कार्यकर्ताओं को फायदा होगा। कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्मार्ट फोन से पोषण ट्रैकर एप के माध्यम से डेटा दर्ज करने में आसानी होगी। इससे योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।

    Hero Image
    2904 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का बढ़ेगा मानदेय। फाइल फोटो

    संवाद सूत्र, बाराबंकी। गर्भवती, धात्री महिलाओं व बच्चों के सर्वांगीण विकास में अपना अहम योगदान देने वाली आगंनबाड़ी कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार काे राजधानी में स्वस्थ नारी सशक्त भारत अभियान का शुभारंभ करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने व स्मार्ट फोन देने की घोषणा की है। इस घोषणा से इनके चेहरे खिल उठे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को लंबे समय से मानदेय बढ़ोतरी का इंतजार था। मुख्यमंत्री की घोषणा से जिले की 2902 कार्यकर्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का कहना है कि सरकार ने उनकी पुरानी मांग को स्वीकार कर लिया है।

    उनका अधिकांश काम अब ऑनलाइन होता है और पोषण ट्रैकर एप के माध्यम से डेटा दर्ज करना पड़ता है, ऐसे में स्मार्टफोन दिए जाने से उनका काम आसान हो जाएगा और वे योजनाओं को अधिक प्रभावी ढंग से लागू कर सकेंगी।

    जिले में 3056 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर 2904 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व 2700 सहायिका तैनात हैं। अभी इन कार्यकर्ताओं को 4500 रुपये मानदेय व तीन हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दिया जाता है। जिले में अभी तक लगभग 1200 केंद्रों को ही अपना भवन मिल पाया है।

    बाकी केंद्र प्राथमिक स्कूल व अन्य सामुदायिक केंद्रों में संचालित हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश मिश्र बताते हैं कि सभी मदों को मिलाकर लगभग आठ हजार रुपये कार्यकर्ताओं को मानदेय मिलता है।

    लंबे समय से मानदेय में कोई खास बदलाव नहीं हुआ था। लगातार मांग की जा रही थी। मुख्यमंत्री की घोषणा से अब आस जगी है। अब सम्मानजनक मानदेय मिलने की उम्मीद जगी है। -मीना, केंद्र खेमापुर वस्तौली।

    स्वास्थ्य व बाल विकास विभाग के हर अभियान में अपना योगदान देने के साथ ही बच्चों को प्री प्राइमरी की शिक्षा देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने की घोषणा सुखद है। स्मार्ट फोन मिलने से कार्य करने में आसानी होगी। -सुनीता, केंद्र महुलारा।

    महंगाई लगातार बढ़ रही है, आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मानदेय बढ़ने से राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने गंभीरता दिखाई, इसके लिए आभार व्यक्त करती हूं। -रजनी मौर्य, केंद्र छिलगवां।

    मानदेय बढ़ने व स्मार्ट फोन मिलने की घोषणा से खुशी है। अब केंद्र का पूरा कार्य मोबाइल से होता है। ऐसे में स्मार्ट फोन मिलने से आसानी होगी। आर्थिक स्थिति में भी सुधार होगा। -अनुराधा, केंद्र मधवा जलालपुर।