Barabanki News: तालाब में बोटिंग करने गए दो दोस्तों की नाव पलटने से मौत, घर में मचा कोहराम
बाराबंकी के देवा में तालाब में नाव पलटने से दो दोस्तों की डूबकर मौत हो गई। मृतक अंशु प्रजापति और मो. आरिफ अपने दोस्तों के साथ नाव पर सिंघाड़ा तोड़ रहे थे। नाव असंतुलित होने से यह हादसा हुआ। ग्रामीणों और गोताखोरों ने शव बरामद किए। वहीं अमेठी में अमृत सरोवर में नहाते समय एक किशोर डूब गया जिसकी तलाश जारी है।

संवाद सूत्र, देवा (बाराबंकी)। एक तालाब में बोटिंग कर रहे दो दोस्तों की नाव असंतुलित होकर तालाब में पलट गई, जिससे दोनों युवक तालाब में डूब गए। देर शाम तक ग्रामीण व स्थानीय गोताखोर युवकों का पता लगाने का प्रयास करते रहे। शाम तक दोनों युवकों के शव बरामद हो गए।
ग्राम टेरा कला निवासी 18 वर्षीय अंशु प्रजापति लखनऊ के एक कालेज में इंटर का छात्र था। उसका साथी 22 वर्षीय मो. आरिफ स्नातक कर रहा था। अंशु पांच दिन पहले लखनऊ से अपने घर आया था। गुरुवार को अंशु व आरिफ गांव में ही स्थित एक तालाब में अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ सिंघाड़ा तोड़ने वाली नाव पर सवारी कर रहे थे। अंशु व आरिफ एक नाव पर थे, जबकि अन्य युवक दूसरी नाव पर सवार थे। तभी जिस नाव पर दोनों बैठे हुए थे, वह असंतुलित होकर तालाब में पलट गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, अंशु और आरिफ को तैरना नहीं आता था। दूसरी नाव पर सवार युवकों ने शोर मचाया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। ग्रामीण व स्थानीय गोताखोरों ने देर शाम अंशु व आरिफ के शव बरामद कर लिए। थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों शव मिल गए हैं। आगे की कार्यवाही की जा रही है। आरिफ अपने घर का अकेला बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। एक बहन विवाहित और दूसरी अभी छोटी है। अंशु दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। साथ में बोटिंग कर अन्य युवक भी इन दोनों की मौत से सदमे में थे। दोनों के पिता गांव में किराने की छोटी दुकान चलाते हैं।
अमृत सरोवर में डूबा अमेठी का किशोर
सुबेहा: दोस्तों के साथ अमृत सरोवर में नहाने आया एक किशोर उसमें डूब गया। स्थानीय गोताखोर रात तक खोजते रहे, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। सुबेहा के मगौवा गांव में अमृत सरोवर बना है, जहां अमेठी के खालिज बाहरपुर गांव के चार दोस्त विनय, शिवांशु यादव, अतुल कुमार व आकाश शुक्ला गुरुवार दोपहर नहाने आए। नहाते समय आकाश गहरे पानी में चले गए, जिसके चलते वह डूब गए। घबराए विनय, शिवांशु यादव व अतुल कुमार ने अमृत सरोवर से चार किलोमीटर दूर स्थित खालिज बाहरपुर गांव पहुंचकर घटना की जानकारी लोगों को दी। सुबेहा थानाध्यक्ष कृष्णकांत सिंह का कहना है कि गोताखोर किशोर को पानी में ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं। सरोवर में पानी अधिक होने के चलते समय लग रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।