विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाराबंकी जिलेवासियों को खुशखबरी: प्राधिकरण में शामिल होंगी 402 ग्राम पंचायतें, अवैध प्लाटिंग पर लगेगी रोक

Published: Sat, 28 Nov 2026 09:13 PM (IST)

बाराबंकी में विकास प्राधिकरण के गठन से 402 ग्राम पंचायतें शामिल होंगी, जिससे अवैध प्लाटिंग पर रोक लगेगी और नियोजित विकास को बढ़ावा मिलेगा। 

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. विकास प्राधिकरण में 402 ग्राम पंचायतें होंगी शामिल।

  2. अवैध प्लाटिंग पर लगेगी रोक, नियोजित विकास होगा।

  3. डीलरों की जवाबदेही बढ़ेगी, खरीदारों को लाभ मिलेगा।

जागरण संवाददाता, बाराबंकी। विकास प्राधिकरण बनने के बाद जमीन के कारोबार का तरीका बदल जाएगा। अभी अधिकांश डीलर किसान से अनुबंध करते हैं और प्लाट की रजिस्ट्री किसान से सीधे खरीदार के नाम कराते हैं। स्टांप शुल्क एक ही बार मिलता है।

बीडीए के बाद डीलर को पहले जमीन अपनी फर्म के नाम रजिस्ट्री करानी होगी, फिर वह खरीदार को प्लाट बेच सकेगा। एक ही जमीन पर दो बार रजिस्ट्री होगी और स्टांप शुल्क भी दो बार सरकार को मिलेगा। यही इस बदलाव का सबसे बड़ा राजस्व वाला पक्ष है।

प्रस्तावित प्राधिकरण में नवाबगंज, बंकी, देवा, सतरिख और जैदपुर के साथ 402 ग्राम पंचायतें शामिल होंगी। सदर की 371 और फतेहपुर की 31 पंचायतें दायरे में आएंगी।

करीब 13.68 लाख आबादी और जिले के लगभग एक चौथाई क्षेत्रफल पर प्राधिकरण का नियंत्रण होगा। यानी नवाबगंज तहसील का बड़ा हिस्सा नियोजित विकास के दायरे में आ जाएगा। खेतों में मनमाने तरीके से प्लाटिंग नहीं हो सकेगी।

अभी सबसे बड़ी खामी यह है कि डीलर सामने नहीं आता। वह प्लाट बेचकर निकल जाता है। कार्रवाई होती है तो नोटिस किसान और खरीदार को जाता है। बीच का असली कारोबारी कागजों में कहीं नहीं होता। बीडीए बनने पर डीलर का नाम पहली रजिस्ट्री में ही दर्ज हो जाएगा। जवाबदेही तय होगी, अवैध लेआउट पकड़ा गया तो कार्रवाई सीधे फर्म पर होगी।

खरीदारों को होगा लाभ

दूसरा लाभ खरीदार को होगा। बीडीए क्षेत्र में बिना स्वीकृत लेआउट के प्लाट नहीं बेचा जा सकेगा। लेआउट में सड़क, नाली, पानी और बिजली का खाका पहले देना होगा। खरीदार को भरोसा रहेगा कि उसका प्लाट वैध है और नक्शा पास हो सकेगा।

दस्तावेज नवीस संजय वर्मा का कहना है कि शहरी क्षेत्र में बिक्री विलेख पर सात प्रतिशत स्टांप शुल्क और एक प्रतिशत निबंधन शुल्क लगता है। किसान से फर्म और फर्म से खरीदार, दोनों चरणों में यही शुल्क देना होगा। इससे उप निबंधक कार्यालय नवाबगंज का संग्रह बढ़ेगा। डीलर यह खर्च खरीदार पर डाल सकते हैं, लेकिन वैध लेआउट और साफ कागज लंबे समय में फायदेमंद होगा।

यह भी पढ़ें- यूपी चारा नीति: 450 हेक्टेयर में उगाया जाएगा हरा चारा, बाराबंकी की 105 गोशालाओं में सप्लाई से बढ़ेगी किसानों की आय

यह भी पढ़ें- बाराबंकी में कस्तूरबा स्कूलों की छात्राओं के लिए 3.19 करोड़ से बनेगा हॉस्टेल, 3200 स्क्वायर फीट एरिये में निर्माण शुरू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।