यूपी चारा नीति: 450 हेक्टेयर में उगाया जाएगा हरा चारा, बाराबंकी की 105 गोशालाओं में सप्लाई से बढ़ेगी किसानों की आय
बाराबंकी की गोशालाओं में निराश्रित गोवंश को सालभर हरा चारा उपलब्ध कराने की तैयारी है। पशुपालन विभाग ने 450 हेक्टेयर भूमि पर हरे चारे की खेती के लिए किसानों से अनुबंध किया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बाराबंकी की 105 गोशालाओं को मिलेगा सालभर हरा चारा।
450 हेक्टेयर भूमि पर हरे चारे की खेती का अनुबंध।
किसानों को चारे की आपूर्ति से मिलेगी निश्चित आय।
संवाद सूत्र, बाराबंकी। जिले की गोशालाओं में संरक्षित निराश्रित गोवंश को सालभर हरा चारा उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसके लिए पशुपालन विभाग ने गोशालाओं के आसपास के किसानों से अनुबंध करने की प्रक्रिया शुरू की है। करीब 450 हेक्टेयर भूमि पर हरे चारे की खेती कराई गई है। किसान अपने खेतों में चारा उगाकर नजदीकी गोशालाओं को इसकी आपूर्ति करेंगे।
गोशालाओं में संरक्षित पशुओं के भरण-पोषण के लिए मुख्य रूप से भूसे की व्यवस्था की जाती है। हरे चारे की नियमित उपलब्धता नहीं होने से पशुओं के आहार में जरूरी विविधता नहीं रह पाती। इस समस्या को दूर करने के लिए शासन की हरा चारा विकास नीति के तहत यह पहल की जा रही है।
जिले की 105 गोशालाओं को स्थानीय स्तर पर ही हरा चारा उपलब्ध हो सकेगा। उन्हें चारे के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वहीं, किसानों को भी अपनी उपज की बिक्री के लिए निश्चित खरीदार मिलेगा। ग्राम पंचायत के माध्यम से अनुबंधित किसानों को चारे की आपूर्ति के बदले भुगतान किया जाएगा।
प्रदेश हरा चारा विकास नीति के तहत हरे चारे को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से पहल की गई है। इसके तहत जिले में अभी तक 450 हेक्टेयर खेतों का अनुबंध हो चुका है। इसमें किसान हरा चारा बोएंगे और पूरे वर्ष नजदीकी गोशाला को चारे की आपूर्ति करेंगे। ग्राम पंचायत की ओर से किसानों को इसका उचित भुगतान किया जाएगा। डॉ. विनोद कुमार - सीवीओ