बाराबंकी में चलती कार बनी आग का गोला, गेट हुए लॉक; अंदर फंसा ड्राइवर जिंदा जला
बाराबंकी के सफदरगंज में शनिवार रात एक चलती कार आग का गोला बन गई, जिसमें चालक अंदर फंसकर जिंदा जल ...और पढ़ें

मात्र चार माह पुरानी बताई जा रही कार, नहीं खुल सके गेट। जागरण
HighLights
सफदरगंज में चलती कार बनी आग का गोला।
चालक कार में फंसकर जिंदा जलकर मरा।
दरवाजे लॉक होने के कारणों की जांच जारी।
संवादसूत्र, जागरण बाराबंकी। सफदरगंज में शनिवार की रात चलती कार आग का गोला बन गई। कार में सवार चालक बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जलकर उसकी मौत हो गई। आग बुझने के बाद कार के अवशेष में कुछ हड्डियां ही बची थीं। मौके की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही थी कि चालक ने बाहर निकलने के लिए दरवाजे खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका। हालांकि, कार का दरवाजा लाक होने और चालक के बाहर नहीं निकल पाने के कारणों की अब जांच की जा रही है।
घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। पूर्व प्रधान राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि आसपास के गांवों के लोगों ने रात में करीब डेढ़ बजे टायर फटने की आवाज और आग की रोशनी देखी थी। सुबह करीब 5:15 बजे ग्रामीणों ने मौके पर जाकर देखा तो कार पूरी तरह जल चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक की पहचान कार के पंजीयन नंबर से सफदरगंज के नोहरी का पुरवा मजरे दोहरी निवासी राम वर्मा के पुत्र प्रदीप कुमार वर्मा के रूप में हुई। कार उनकी पत्नी राधापति के नाम पर पंजीकृत बताई गई है। प्रदीप कार ने करीब चार माह पूर्व ही कार खरीदी थी और टैक्सी में चलते थे। प्रधान की सूचना पर सुबह पुलिस और दमकल टीम पहुंची।
यह भी पढ़ें- बाराबंकी में रेलवे का बिना टिकट यात्रियों के खिलाफ अभियान, जान जोखिम में डालकर चलती ट्रेन से कूदे
सफदरगंज कोतवाल अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि आग लगने के कारणों और चालक के बाहर नहीं निकल पाने की परिस्थितियों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- बाराबंकी में ट्रेन से कूदकर भागे यात्री, टिकट चेकिंग टीम को देख मची थी खलबली; 371 बेटिकट मिले
