UP: 7 साल की बच्ची का रेप करने वाले आरोपी की जेल में मौत, हार्ट अटैक बताई जा रही वजह
बाराबंकी जिला कारागार में दुष्कर्म के आरोपी सुभाष यादव की हृदयघात से मौत हो गई। वह 2022 से जेल में बंद था। परिवार ने बताया कि एक दिन पहले ही उसकी बात हुई थी और वह ठीक था। जेल प्रशासन के अनुसार उसे गैस की समस्या थी और बाद में हालत बिगड़ने पर अस्पताल में उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार को सौंप दिया गया है।

जागरण संवाददाता, बाराबंकी। सात वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के आरोपित की रविवार शाम मौत हो गई। आरोपित जिला कारागार में बंद था। मौत का कारण हृदयाघात बताया जा रहा है।
जिला कारागार प्रशासन ने शव का पोस्टमार्टम डाक्टरों के पैनल से वीडियो ग्राफी में कराकर परिवारजन को सौंपा है। मृतक का एक भाई भी उसके साथ जेल में बंद है।
मसौली थाना के जलुआमऊ मजरे पतिहापुरवा निवासी राम विलास यादव का 40 वर्षीय पुत्र सुभाष यादव दस नवंबर 2022 से जिला कारागार में निरूद्ध था। रविवार शाम को सुभाष की अचानक हालत बिगड़ी तो जेल के सिपाही आनन-फानन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतक के भाई तिलक राज व शिव कैलाश ने बताया कि सुभाष अविवाहित था और उस पर एक साल वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का आरोप था। आठ नंवबर 2022 को बालिका के पिता ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था और पुलिस ने उसी दिन उसको व उसके भाई लाल जी यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मौत का कारण हृदयाघात बताया जा रहा है।
शनिवार को हुई थी बात : शिव कैलाश ने बताया कि सुभाष ने एक दिन पहले ही शनिवार को जेल के पीसीओ से घर पर बात की थी। सामान्य बात हुई थी और उसे उसकी तबीयत भी ठीक थी। उसको पहले से भी कोई बीमारी नहीं थी। वहीं दो दिन पहले परिवारजन उससे मिलने जेल भी आए थे।
सुभाष को दो दिन पहले अचानक तबीयत बिगड़ने पर जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे गैस की समस्या बताई जा रही है। हालत बिगडने पर रविवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मौत का कारण हृदयाघात बताया जा रहा है।
कुंदन कुमार, जेल अधीक्षक
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।