Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    UP News: घर बैठे मोबाइल से जमा कर सकेंगे हाउस टैक्स, नगर पालिका कार्यालय के नहीं लगाने होंगे चक्कर

    Updated: Wed, 11 Jun 2025 04:19 PM (IST)

    बांदा नगर पालिका गृहकर प्रणाली को ऑनलाइन करने जा रही है। अब शहर के लोग घर बैठे पोर्टल के माध्यम से टैक्स की जानकारी प्राप्त कर सीधे भुगतान कर सकेंगे। इससे पालिका के चक्कर लगाने और कर्मचारियों को घर-घर जाने की जरूरत नहीं होगी। पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज करा सकेंगे जिसका समाधान किया जाएगा। पालिका सॉफ्टवेयर में हर मकान का डेटा ऑनलाइन करेगी।

    Hero Image
    घर बैठे मोबाइल से जमा कर सकेंगे गृहकर, नगर पालिका कार्यालय के नहीं लगाने होंगे चक्कर

    जागरण संवाददाता, बांदा। डिजिटल युग में अब नगर पालिका भी धीरे-धीरे अपडेट हो रही है। गृहकर प्रणाली को पूरी तरीके से आनलाइन किया जा रहा है। नगर पालिका की सालों पुरानी टैक्स प्रणाली अब नए रूप में दिखेगी।

    नगर पालिका अपना पोर्टल तैयार करवा रही है। इसमें नगर पालिका क्षेत्र के भवन स्वामियों को गृह कर जमा करने के लिए कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे या फिर कर्मचारियों को घर-घर जाकर टैक्स के लिए बिल व भुगतान आदि की रसीद देने का झंझट नहीं होगा। पोर्टल के जरिये घर बैठे टैक्स की जानकारी प्राप्त कर उसका भुगतान सीधे पालिका के खाते में किया जा सकेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शहर के 31 वार्डों के 26,286 भवनों से प्रतिवर्ष नगर पालिका करीब एक करोड़ रुपये गृहकर के रूप में वसूलती है। टैक्स अदायगी की इस समय प्रक्रिया सालों साल पुरानी है। पालिका टैक्स निर्धारित करती है। राजस्व संग्रहकर्ता मुहल्ले में भ्रमण करके गृह स्वामियों को नोटिस देते हैं और फिर वसूली करके रसीद देते है। इसमें नगर पालिका के करीब दो दर्जन से अधिक कर्मचारी लगे रहते हैं।

    शहर के लोगों को भी इससें संबंधित त्रुटियों आदि को लेकर नगर पालिका कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। लेकिन अब जल्द ही सीधे मोबाइल के जरिए टैक्स जमा किया जा सकेगा। मोबाइल में पोर्टल के जरिये घर बैठे टैक्स की जानकारी प्राप्त करके उसका भुगतान सीधे पालिका के खाते में कर सकेंगे। कर से संबंधित समस्या के लिए पोर्टल के जरिए शिकायत भी दर्ज की जा सकेगी, जिसे निस्तारण किया जाएगा।

    अब नई व्यवस्था के लिए कार्यालय नगर पालिका में बदलाव किया जा रहा है। पालिका के तैयार साफ्टवेयर में हर मकान का डाटा आनलाइन किया जाएगा। उसमें संबंधित मकान का टैक्स बकाया भी होगा। बार कोड के जरिए घर बैठे भुगतान किया जा सकेगा। इससे लोगों को भी सहूलियत मिलेगी। वह जल्द टैक्स की अदायगी कर सकेंगे। बकायदारी भी नहीं बढ़ेगी।

    पालिका को आनलाइन सिस्टम से जोड़ा जा रहा है। टैक्स प्रणाली में बदलाव किया जा रहा है। साफ्टवेयर के जरिए एक पोर्टल तैयार होगा, जिसमें सभी मकानों को दर्ज किया जाएगा। पोर्टल से टैक्स बकाया की जानकारी कर घर बैठे टैक्स अदा कर सकेंगे।- जगदीश प्रसाद, प्रभारी ईओ, नगर पालिका

    नगर पलिका क्षेत्र में सभी को गृहकर अदा करने में सहूलियत मिलेगी। मोबाइल में पोर्टल से अपने बकाया व वर्तमान गृहकर आदि के बारे में सही जानकारी कर मोबाइल के जरिए ही भुगतान किया जा सकेगा।- मालती बासू, नगर पालिका अध्यक्ष