बांदा पहुंचे राजभर ने सपा, बसपा, कांग्रेस को घेरा, बोले- गरीबों के हक से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर गरीबों के अधिकारों से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने ...और पढ़ें

कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर। जागरण
HighLights
राजभर ने सपा, बसपा, कांग्रेस पर गरीबों के हक से खिलवाड़ का आरोप
सपा विधायक विशंभर यादव को मंच से इलाज के पैसे पर चुनौती
गरीबों के सम्मान से समझौता नहीं, चुनाव सम्मान के दम पर
संवाद सहयोगी, बबेरू (बांदा)। कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर गरीबों के अधिकारों से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में गरीबों के लिए मिलने वाली योजनाओं के पैसे का बंदरबांट होता था। आवाज उठाने पर गरीबों को अपमानित किया जाता था, लेकिन अब समाज जाग चुका है।
गरीबों के हक और सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बबेरू विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक विशंभर यादव को मंच से चुनौती देते हुए कहा कि यदि मां का दूध पिया है तो खुले मंच पर बताएं कि गरीबों के इलाज के लिए मिलने वाला पैसा कहां गया। किसी जरूरतमंद को बीमारी में इलाज की आवश्यकता है तो वह उनसे बताए, उसकी मदद की जाएगी। अब चुनाव धमकियों से नहीं, सम्मान के दम पर जीते जाएंगे।
सोमवार को कृषि उत्पादन मंडी समिति मैदान में भागीदारी पार्टी की ओर से आयोजित जन अधिकार महारैली में मुख्य अतिथि राजभर ने कहा कि गरीबों की सबसे बड़ी ताकत कलम है, लेकिन गांवों में दबंग अपनी ताकत के आगे कलम का ढक्कन तक नहीं खुलने देते। भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति समाज का झंडा लेकर निकले हैं। किसी को डरने की जरूरत नहीं है।
झंडा मजबूत होगा तो हर दल में सम्मान मिलेगा। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि वह पिछड़ों की इतनी बड़ी हितैषी है तो सदन, संसद और सड़क पर उनके हक की आवाज उठाए। उन्होंने 27 प्रतिशत आरक्षण को बराबर-बराबर बांटने की मांग की थी। इसके लिए सरकार से इस्तीफा तक दे दिया था।
महारैली की अध्यक्षता कर रहे भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति ने कहा कि बुंदेलखंड में प्रजापति समाज की 22 प्रतिशत से अधिक आबादी होने के बावजूद दूसरे दलों में टिकट के लिए हाथ फैलाना पड़ता है। बबेरू विधानसभा क्षेत्र में समाज के लोगों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने 15 दिसंबर को जिला मुख्यालय में प्रस्तावित विशाल रैली की सफलता के लिए गांव-गांव पहुंचकर तैयारी करने का आह्वान किया।
इससे पहले सुबह करीब 11:45 बजे ओमप्रकाश राजभर बबेरू डाक बंगले पहुंचे। यहां उन्होंने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ करीब सवा घंटे तक मुलाकात की। महारैली में भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव महेश चंद्र, जिलाध्यक्ष बृजलाल प्रजापति, मेजर अच्छेलाल, केशव प्रसाद प्रजापति और सुधीर प्रजापति सहित दोनों दलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।