विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bundelkhand Voter List: बुंदेलखंड के 5 जिलों में 9.96 लाख वोटरों का अंतर, दो मतदाता सूचियों ने बढ़ाई उलझन

Published: Tue, 27 Oct 2026 03:46 PM (IST)

बुंदेलखंड के पांच जिलों में भारत और राज्य निर्वाचन आयोग की मतदाता सूचियों में लगभग 10 लाख मतदाताओं का बड़ा ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. बुंदेलखंड में दो मतदाता सूचियों में 10 लाख का अंतर

  2. भारत और राज्य निर्वाचन आयोग की सूचियों में विसंगति

  3. जालौन और बांदा में सर्वाधिक मतदाता अंतर दर्ज

जागरण संवाददाता, बांदा। बुंदेलखंड के पांच जिलों में मतदाताओं की गिनती को लेकर बड़ा पेंच सामने आया है। भारत निर्वाचन आयोग और राज्य निर्वाचन आयोग की सूचियों में करीब 10 लाख वोटरों का अंतर निकल रहा है। इससे सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में कहां चूक हो रही है।

भारत निर्वाचन आयोग की ओर से लोकसभा व विधानसभा की मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) पूरा होने के बाद बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा व जालौन में कुल 44 लाख 40 हजार 330 वोटर दर्ज हैं। इस पुनरीक्षण के दौरान पांचों जिलों में 4 लाख 72 हजार 389 नाम काटे गए थे।

अकेले जालौन में एक लाख 65 हजार 561, बांदा में एक लाख 19 हजार 634, चित्रकूट में 70 हजार 750, महोबा में 58 हजार 702 व हमीरपुर में 57 हजार 742 नाम हटाए गए। दूसरी ओर राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 10 जून 2026 को जारी त्रिस्तरीय पंचायत की अंतिम मतदाता सूची व नगरीय निकायों की सूची को जोड़ कर देखा जाए तो स्थिति बदल जाती है।

दोनों को मिलाकर इन पांच जिलों में कुल 54 लाख 36 हजार के करीब मतदाता बनते हैं। यानी दोनों आयोगों के आंकड़ों में नौ लाख 96 हजार से ज्यादा का फासला है। यदि प्रतिशत में देखें तो पंचायत-निकाय की सूची विधानसभा की सूची से लगभग 22.4 प्रतिशत ज्यादा है।

आंकड़ों को जिलावार समझें तो सबसे बड़ा अंतर जालौन में है। यहां पंचायत और निकाय मिलाकर 14 लाख 66 हजार 374 मतदाता हैं, जबकि विधानसभा सूची में 11 लाख 31 हजार 999 ही हैं, अंतर तीन लाख 34 हजार 375 का है। बांदा में पंचायत-निकाय के 14 लाख 66 हजार 631 के मुकाबले विधानसभा में 12 लाख 29 हजार 887 वोटर हैं, अंतर दो लाख 36 हजार 744 है।

चित्रकूट में आठ लाख 38 हजार 370 के मुकाबले छह लाख 68 हजार 198, हमीरपुर में नौ लाख 28 हजार 846 के मुकाबले सात लाख 81 हजार 989 और महोबा में सात लाख 36 हजार 335 के मुकाबले छह लाख 28 हजार 257 मतदाता हैं। महोबा में सबसे कम एक लाख आठ हजार 78 का अंतर है।

शहरी क्षेत्र की बात करें तो पांचों जिलों में कुल 11 लाख 37 हजार 287 शहरी मतदाता हैं, जिनमें नगर पालिका में आठ लाख 21 हजार 656 व नगर पंचायत में तीन लाख 15 हजार 631 हैं। वहीं ग्रामीण पंचायत के मतदाता 42 लाख 99 हजार 269 हैं। चित्रकूट का उदाहरण इस अंतर को और साफ करता है।

वर्ष 2024 में जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर कुल सात लाख 34 हजार 948 मतदाता थे। एसआइआर के दौरान करीब एक लाख तीन हजार डुप्लीकेट व लापता तथा सात हजार 454 मृत मतदाताओं के नाम हटाए गए। अब विधानसभा में छह लाख 68 हजार 198 मतदाता बचे हैं, जबकि 2026 की पंचायत सूची में सात लाख दो हजार 536 नाम हैं, जो 2021 के छह लाख 70 हजार 220 से एक लाख से ज्यादा अधिक है।

 

बुंदेलखंड में मतदाताओं की संख्या

जिला पंचायत-निकाय मतदाता विधानसभा मतदाता अंतर
जालौन 14,66,374 11,31,999 3,34,375
बांदा 14,66,631 12,29,887 2,36,744
चित्रकूट 8,38,370 6,68,198 1,70,172
हमीरपुर 9,28,846 7,81,989 1,46,857
महोबा 7,36,335 6,28,257 1,08,078