अस्पताल आया मरीज स्वस्थ होकर घर जाए, रेफर न हो- ब्रजेश पाठक, अखिलेश यादव को लेकर कही ये बात
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बांदा में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने खाली पदों को भरने उपकरणों की खरीद करने और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे एनडीए और भाजपा से भयभीत हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी। बांदा उनकी प्राथमिकता में है।

जागरण संवाददाता, बांदा। डिप्टी सीएम ने रानी दुर्गावती मेडिकल कालेज में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने के लिए रिक्त पदों की भर्ती के लिए नियमानुसार साक्षात्कर लेने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को कहा कि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में किसी को भी काेई समस्या न होने पाए। अस्पताल आया मरीज स्वस्थ होकर घर जाए, रेफर होकर दूसरी जगह न जाए।
उन्होंने मीडिया के सवालों के जवाब में राहुल गांधी व अखिलेश के कुंठित होने की बात कहते हुए कहा कि वह एनडीए की भारतीय जनता पार्टी से भय खा रहे हैं। इसलिए वह यात्रा निकाल रहे हैं। बिहार में उनकी ही सरकार आने वाली है। गुंडाराज पर बोलते हुए कहा कि उनके शासन काल में अमूलचूक परिवर्तन हुए हैं। अपराधी भय खाते हैं।
सूबे के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सोमवार रानी दुर्गावती मेडिकल कालेज दोपहर 1.06 बजे पहुंचे। यहां जनप्रतिनिधियों व पार्टी पदाधिकारियों ने माला पहना व बुके देकर स्वागत किया। गार्ड आफ आनर लेने के बाद वह सीधे प्रशासनिक भवन के कांफ्रेंस हाल में पहुंचे, उनके साथ जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद व सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी रहे।
यहां उपस्थित जिले भर के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से परिचय जानने के बाद जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी ली। सीएमएस डा. किशन कुमार से जिला अस्पताल, सीएमओ डा. ब्रिजेन्द्र कुमार जिले के अस्पतालों व प्राचार्य डा. सुनील कुमार कौशल से रानी दुर्गावती मेडिकल कालेज के स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
खाली पड़े पद समेत सेवाओं के बारे में जानकारी लेने के बाद डीएम व सीएमओ, सीएमएस व प्राचार्य को खाली चिकित्सकों व कर्मचारियों के पदों को साक्षात्कार लेकर नियमानुसार भरे जाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन उपकरणों की आवश्यकता हो उन्हें तत्काल में खरीद कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करें।
जिले में खास कर स्वास्थ्य को लेकर किसी को भी काेई समस्या न होने पाये। उन्होंने चिकित्सकों को समय से अस्पतालों में उपस्थित रह कर मरीजों के इलाज करने के लिए कहा। यह भी कहा कि अक्सर जूनियर चिकित्सक मरीजों का इलाज करते हैं जबकि सीनियर व विशेषज्ञ गायब रहते हैं। समय से उपस्थित रहकर बेहतर सेवाएं दें। तकरीबन करीब एक घंटे तक चली बैठक में चिकित्सीय सेवाओं को बेहतर बनाने पर जाेर रहा।
मीडिया के सवालों में राहुल, अखिलेश पर साधा निशाना : बांदा प्राथमिकता सूची में
समीक्षा बैठक के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मीडिया से मुखातिब हुए उन्होंने सवालों के जवाब में कहा कि चाहे राहुल गांधी हों या तेजस्वी यादव हों या फिर अखिलेश यादव सब कुंठित हो गये हैं। वह बिहार में कोई भी यात्रा निकाल लें लेकिन भारतीय जनता पार्टी की एनडीए की प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी। इसके पास जनता के लिए कुछ कहने को बचा नहीं है।
यह गुंडाराज व अपराधीकरण के बहुत बड़े पोषक हैं। जितने भी गुंडा बदमाश हुए सब इन्ही के शासन काल में पले बढ़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अपराधों के आंकड़ों का आंकलन कराना चाहिए जिससे साफ स्पष्ट हो जाएगा कि विकास के मामले में अमूलचूक परिवर्तन हुए हैं।
अपराधी भय खा रहे हैं। बांदा में किसी की हिम्मत नहीं है कि कानून अपने हाथ में ले लें। उत्तर प्रदेश में सरकार अपराध व भ्रष्टाचार की नीति पर जीराे टालरेंस पर काम कर रही है। बांदा उनकी प्राथमिकता सूची में है। जिले को पहले नंबर पर लाया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।