Banda Flood Alert: बाढ़ के पानी से भरे चेकडैम व गड़रा नाले में डूबने से बालक व बच्चे की मौत
बांदा (Banda) में दर्दनाक हादसा हुआ है। बाढ़ के पानी से भरे चेकडैम व गड़रा नाले में डूबने से बालक व बच्चे की मौत हो गई है। रहसूत में रपटा के ऊपर पानी का बहाव तेज होने से मासूम नाले गिरा। स्वजन व ग्रामीण खोजबीन करते रहे लेकिन शव नहीं मिला। एक घंटे बाद शव फूलकर उतराया।

जागरण संवाददाता, बांदा। बांदा में अलग-अलग घटनाओं में बाढ़ के पानी से भरे चेकडैम व गडरा नाले में फिसलकर गिरने से दो मासूमों की डूबकर मौत हो गई। ग्रामीण व स्वजन उनकी खोजबीन करते रहे। रहसूत गांव में बच्चे का शव फूलकर जब ऊपर आया तब उसे बाहर निकाला गया। जबकि नांदनमऊ गांव में बालक के शव को खोजकर ग्रामीणों ने बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों घटनास्थल की जांच की है।
बदौसा थाना के ग्राम नांदन मऊ निवासी दिनेश सिंह यादव का 12 वर्षीय पुत्र विक्रम अपने तीन दोस्तों के साथ रविवार शाम गांव के बैदानाला चेक डैम नहाने गया था। जहां पैर फिसलने से विक्रम चेकडैम में डूब गया। अन्य दोस्तों ने उसे डूबते देखकर घर में स्वजन को जानकारी दी। इससे तुरंत विक्रम को उसके स्वजन व ग्रामीणों ने चेकडैम में उतरकर खोजना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद बालक को बाहर निकाला गया।
बाद में लमेहटा चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार ने अपने वाहन से बालक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिसंडा पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्वजन ने बताया कि विक्रम चार बहनों में इकलौता छोटा भाई था। मां मीरा सहित स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल है।
ग्राम रहुसत में हुई दूसरी घटना
एक अन्य पानी में डूबने की घटना गिरवां थाना के ग्राम रहुसत की है। वहां के राकेश कुमार रैदास का छह वर्षीय पुत्र अनिल कुमार शाम को पड़ोसी बच्ची के साथ खेलते हुए गांव बाहर गड़रा नाले के पास पहुंच गया। जहां रपटा के ऊपर से पानी जा रहा था। अनिल रपटे में गया था। पैर फिसलने से वह गड़रा नाले में गिर गया। उसे गांव के शिवलाल ने गिरते देखा, लेकिन वह तैरना नहीं जानता था। इससे उसकी नाले में उतरने की हिम्मत नहीं हुई।
उसके शोर मचाने पर ग्रामीणों व स्वजन ने उसकी खोजबीन शुरू की। लेकिन वह नहीं मिला। घटनास्थल से करीब 50 मीटर की दूरी पर एक घंटे बाद जब उसका शव फूलकर ऊपर आया तब उसे पानी से बाहर निकाला गया। बाबा रामकेश ने बताया कि गड़रा नाला आगे जाकर यमुना नदी से जुड़ा है। इससे बाढ़ का पानी रपटे के ऊपर चल रहा था। खेलते समय अनिल अपने आप को तेज बहाव की वजह से संभाल नहीं पाया है। बहाव की वजह से फिसलकर वह गहरे नाले में गिरा है।
भूमिहीन होने से घटना के समय अनिल के पिता राकेश हरियाणा में मजदूरी कर रहे थे। उन्हें फोन से घटना की जानकारी दी गई है। वह दो भाइयों व एक बहन में मंझला था। मां सोना समेत अन्य स्वजन घटना से बेहाल हैं। गिरवां थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलने पर घटनास्थल को देखा गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।