Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नियमित व्यायाम से दूर रहेंगे हड्डी के रोग

    By Edited By:
    Updated: Thu, 04 Apr 2013 08:07 AM (IST)

    बांदा, कार्यालय संवाददाता : शरीर को स्वस्थ रहने में हड्डियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। हड्डी संबंधी रोगों से छुटकारा पाने के लिए जहां नियमित व्यायाम करना जरूरी है। वहीं विटामिन की कमी पूरी करने के लिए हरी सब्जियों व फलों का अधिक सेवन करें ताकि हड्डियों व जोड़ों के दर्द से निजात मिल सके। दैनिक जागरण के प्रश्न प्रहर अभियान में जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. टीआर सरसैया ने लोगों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सवाल : बचपन से हाथ के बीच की दो उंगलियां जुड़ी थी। आपरेशन में अलग तो हो गई है पर सीधी नहीं हो रही है। गांठ पड़ने की शिकायत बताई गई है क्या करें।

    संजय, तिंदवारा

    जवाब : उंगलियों की नसें अगर काम कर रही हैं तो ठीक है नहीं तो इसे छोटा होने पर बड़ा करना पड़ेगा। चिकित्सक को दिखाकर परामर्श लें।

    सवाल : बचपन में गिरने से कूल्हे की हड्डी चढ़ गई है। इससे बैठते नहीं बनता है। बाएं पैर के घुमाने में भी दिक्कत होती है क्या उपचार है।

    पप्पू, नरैनी

    जवाब : अगर हड्डी का गुल्ला खराब है तो आपरेशन कर बदला जाएगा। एक्सरे से सही स्थिति का पता चल सकेगा।

    सवाल : पांच माह से पैर की एड़ी में खड़े होने पर तेज दर्द होता है। हाथों की कोहनी भी दुखती है। किस कमी से दिक्कत आ रही है।

    कमलेश प्रजापति, चहितारा

    जवाब : एड़ी के दर्द के लिए सीरम यूरिक एसिड लेना आवश्यक है। एक्सरा कराकर हड्डी रोग विशेषज्ञ से परामर्श करें। इलाज संभव है।

    सवाल : वर्ष 2005 से कमर में दर्द रहता है। आपरेशन कराने से तीन वर्ष दर्द से राहत रहा है फिर वही दिक्कत हो रही है। पैरों में जकड़न रहती है।

    भूपेंद्र त्रिपाठी, पनगरा

    जवाब : एमआरआई व खून की जांचें कराने से स्थिति का सही पता चल सकेगा। जिसके आधार पर उपचार संभव होगा।

    सवाल : मेरी छह वर्ष की बेटी की पिछले छह माह से सीने के बीच की हड्डी बढ़ रही है। कस्बे में दिखाने पर चिकित्सक ने विटामिन की दवा दी थी जिससे आराम नहीं मिला है।

    राहुल तिवारी, बदौसा

    जवाब : सीने की हड्डी बढ़ना अधिकतर रिकेट्स रोग की वजह से होती है। विटामिन डी थ्री की वजह से अक्सर ऐसा होता है। बच्चे के जन्म पर जिसे सूर्य रोशनी नहीं मिलती है। उपचार से बीमारी को आगे बढ़ने से रोका जा सकता है।

    सवाल : जोड़ों में दर्द होता है। सुबह उठने पर काफी तकलीफ होती है। कोई भी काम नहीं कर पाती हैं।

    मुन्नी देवी, ओरन

    जवाब : मर्ज का पता करने के लिए खून की जांच व जोड़ों का एक्सरा कराना पड़ेगा। वृद्धावस्था में आस्थोआरटाइटिस हड्डी संबंधी बीमारी हो जाती है। उपचार के साथ-साथ नियमित कसरत करने से राहत मिलती है।

    सवाल : कमर व पैर में दर्द होने से कैंसर की शिकायत बतायी गई थी। गिरने पर कूल्हे की हड्डी भी टूट गई थी। इलाहाबाद में इलाज चल रहा है।

    इकबाल सिद्दीकी, हरदौल तलैया

    जवाब : खून की जांचें व एक्सरे से मर्ज की सही स्थिति का पता चल सकेगा। इससे आपरेशन संभव है । हड्डी रोग विशेषज्ञ से परामर्श कर उपचार लें।

    सवाल : चलने में एकाएक पैर लुंज हो जाता है। इससे कई बार गिर चुकी हैं। कौन सी बीमारी से ऐसा हो रहा है।

    राजकुमारी, डिग्गी चौराहा

    जवाब : साइटेक नर्व दबने से यह परेशानी होती है। एक्सरा, एमआरआई, बीएमडी जांच करवाने से सही मर्ज का पता चलेगा। कमर में पट्टा बांधने के साथ ज्यादा देर खड़ा नहीं रहना चाहिए। अधिक वजन न उठाएं। हर तीन घंटे में आराम करना जरूरी है।

    मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर