मिर्गी: हर उम्र, नस्ल और जाति को प्रभावित कर सकती है ये बीमारी, पुष्टि होने पर शुरू की जाती दवा
बलरामपुर में मिर्गी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर इलाज के महत्व पर जोर दिया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
जागरण संवाददाता, बलरामपुर। प्रत्येक वर्ष 17 नवंबर को नेशनल एपिलेप्सी डे मनाया जाता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य लोगों को एपिलेप्सी यानी मिर्गी के प्रति जागरूक करना है। वर्ष 2026 की थीम है ‘जहां समुदाय उम्मीद जगाता है।’ जिले में भी मिर्गी के मरीज बढ़ रहे हैं।
संयुक्त जिला चिकित्सालय में एक वर्ष में 40 से अधिक मरीज चिह्नित किए गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। इसी तरह जिले भर प्रतिवर्ष करीब 200 मिर्गी मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। अक्सर शुरुआती लक्षणों से अनजान लोग समय पर इलाज नहीं करा पाते हैं।
वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में लोग इलाज के बजाय झाड़-फूंक के चक्कर में फंसे रहते हैं, जिससे बीमारी नियंत्रण के बाहर हो जाती हैं। मिर्गी एक न्यूरोलाजिकल डिसआर्डर (तंत्रिका तंत्र) संबंधी बीमारी है, जिसमें दिमाग की गतिविधि असामान्य हो जाती है। प्रभावित व्यक्ति को दौरे, असामान्य व्यवहार, संवेदनों के आवेग आ सकते हैं। कभी-कभी चेतना खो सकती है।
मिर्गी से हर आयु, नस्ल और जाति के लोग प्रभावित हो सकते हैं। दौरे के कारण कुछ समय तक अनियंत्रित गतिविधि हो सकती है, जिसमें पूरा शरीर या शरीर के एक आंशिक हिस्से में असामान्य गतिविधि हो सकती है। झटके आने के साथ बेहोशी या फिर आंतों या ब्लैडर पर नियंत्रण खत्म हो सकता है।
अस्थायी रूप से बेहोश हो जाना, मांसपेशियों में मरोड़, आवाज कम हो जाना, पेशियों का अनियंत्रित रूप से काम करना, भ्रम उत्पन्न होना, सोचने की शक्ति मंद हो जाना, संचार एवं समझने में दिक्कत होना, संवेदनाओं में परिवर्तन, सुन्न महसूस होना, बोलने या समझने में दिक्कत होना, दिल की धड़कन और श्वास की गति बढ़ जाना, भय, चिंता या दहशत महसूस करना, हाथों व पैरों की गतिविधि में परिवर्तन मिर्गी के लक्षण हैं।
सीटी स्कैन कर दी जाती हैं दवाएं
गैर संचारी रोग विभाग के चिकित्साधिकारी डाॅ. ऋषि श्रीवास्तव का कहना है कि प्रतिमाह आठ से 10 मिर्गी के मरीज चिह्नित किए जाते हैं। सीटी स्कैन से जांच में पुष्टि होने पर दवाएं दी जाती हैं। एंटी-सीजर इलाज में दी जाने वाली दवाओं से बीमारी नियंत्रित रहती है।
यह बीमारी बच्चों, महिलाओं, पुरुषों में से किसी को कभी भी हो सकती है। मिर्गी के अनेक कारण नियंत्रण से बाहर और अपरिहार्य हैं, लेकिन उनका इलाज हो सकता है। मिर्गी का इलाज दवाइयों से शुरू होता है। गंभीर मरीजों को लखनऊ रेफर कर दिया जाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।