विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Epilepsy Day: मिर्गी का दौरा पड़े तो क्या करें और क्या नहीं? मरीज की जान बचाने के लिए न्यूरोलॉजिस्ट के टिप्स

By Sanjeev Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 17 Nov 2026 04:09 PM (IST)

National Epilepsy Day: मिर्गी को लेकर लोगों में कई प्रकार की भ्रांतियां हैं। हालांकि न्यूरोलाॅजिस्ट का कहना है कि इसका उपचार संभव है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. मिर्गी का दौरा पड़ने पर घबराने के बजाए मरीज को सुरक्षित रखना और सही प्राथमिक उपचार देना जरूरी।

  2. झाड़-फूंक अथवा अन्य अवैज्ञानिक तरीकों से उपचार की बजाए योग्य चिकित्सक से लें परामर्श।

जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। देश में हर साल 17 नवंबर को 'राष्ट्रीय मिर्गी दिवस' (National Epilepsy Day) मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य इस बीमारी के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ उससे जुड़े डर, गलतफहमियों और सामाजिक भेदभाव को खत्म करना भी है। एपिलेप्सी यानी मिर्गी को लेकर आज भी लोगों में कई प्रकार की भ्रांतियां हैं, जबकि यह एक उपचार योग्य न्यूरोलॉजिकल स्थिति है। 

विशेषज्ञों का कहना है कि मिर्गी का दौरा पड़ने पर घबराने के बजाए मरीज को सुरक्षित रखना और सही प्राथमिक उपचार देना बेहद जरूरी है। इस दौरान उसे जबरन पकड़कर रोकने या मुंह में कोई वस्तु डालने से बचना चाहिए। 

राष्ट्रीय मिर्गी दिवस के अवसर पर लोगों को जागरूक करने के लिए अंजनेय हास्पिटल में प्रेसवार्ता के दौरान न्यूरोलाॅजिस्ट डाॅ. भावना तोमर ने बताया कि मिर्गी एक तंत्रिका तंत्र संबंधित बीमारी है, जिसे उचित चिकित्सा उपचार और नियमित फालोअप के माध्यम से प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सकता है।

दौरे के लक्षणों को शुरुआती अवस्था में पहचानने और झाड़-फूंक अथवा अन्य अवैज्ञानिक तरीकों की बजाए योग्य चिकित्सक से परामर्श लेने पर जोर दिया। दौरा पड़ने पर सबसे पहले मरीज को आसपास मौजूद नुकीली एवं खतरनाक वस्तुओं से दूर कर सुरक्षित स्थान पर रखना चाहिए। संभव हो तो धीरे से करवट के बल लिटाएं और सिर के नीचे मुलायम वस्तु रखें।

दौरे के दौरान व्यक्ति को जबरदस्ती पकड़कर रोकने का प्रयास न करें। साथ ही उसके मुंह में कोई वस्तु, भोजन अथवा पानी न डालें। यदि दौरा पांच मिनट से अधिक समय तक रहे, बिना होश आए दोबारा दौरा पड़े अथवा सांस लेने में परेशानी हो तो तत्काल आपातकालीन चिकित्सा सहायता लेनी चाहिए।

वहीं रेडियोलाॅजिस्ट डा. जयदीप तोमर व कार्डियोलाॅजिस्ट डा. शोभित तोमर ने भी विशेष चिकित्सा सेवाओं, समय पर जांच तथा बेहतर उपचार के लिए विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं के बीच समन्वय की आवश्यकता बताया। कहा कि बिना किसी झिझक चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रोत्साहित करना तथा मिर्गी से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर करना जरूरी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।