विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'आइए अयोध्या में हो जाए मुकाबला', मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को किया चैलेंज

Published: Sat, 10 Oct 2026 04:57 PM (IST)

CM Yogi Adityanath in Balrampur: चुनाव लड़ना है तो चेलों से क्यों अखिलेश यादव आइए आप भी नामांकन कीजिए और ...और पढ़ें

HighLights

  1. पीडीए का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी और प्रदेश डुबाऊ एयरलाइंस

  2. मुख्यमंत्री ने बलरामपुर में किया 804 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास

  3. माफिया की कब्र पर फातिहा पढ़ने वाले लोग ये क्या हमसे लड़ पाएंगे

जागरण संवाददाता, बलरामपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां देवीपाटन के धाम की नगरी बलरामपुर से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को खुली चुनौती दी है। मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव को अयोध्या से अपने खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती दी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ताल ठोंकी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव को कर दिया चैलेंज। उन्होंने कहा कि आइए आप भी अयोध्या में नामांकन करिए और मैं भी अयोध्या से नामांकन करता हूं। चलो एक बार किस्मत आजमा लेते हैं, तय हो जाए... आप भी आइए मैं भी आता हूं। उन्होंने कहा कि लड़ाई चेलों से क्यों? हम तो गुरु से ही लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि माफिया की कब्र पर फातिहा पढ़ने वाले लोग ये क्या हमसे लड़ पाएंगे।

किस्मत आजमाइए फिर देखिए कि अयोध्या किसके साथ 

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या हमारे लिए पवन धाम है हम अयोध्या बार-बार इसलिए आते हैं कि देश की पहचान पर किसी तरह का कलंक न कर सके। चुनाव लड़ना है तो चेलों से क्यों आइए आप भी नामांकन कीजिए और हम भी नामांकन करते हैं। किस्मत आजमाइए फिर देखिए कि अयोध्या किसके साथ है। अब तो अयोध्या को तीन से चार घंटे बिजली देने वाले, श्री राम बोलने वालों पर पाबंदी और बैरियर खड़ा करने वाले चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं।

सपा के बबुआ को विकास नहीं दिख रहा 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा के बबुआ को विकास नहीं दिख रहा है। अखिलेश यादव मुझे अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दे रहे हैं। अयोध्या हमारे लिए पावन धाम है। चुनाव लड़ने के लिए नहीं, हम इसीलिए बार-बार आते हैं कि विकास थमे नहीं। आपको आफर करता हूं, आइए आप भी अयोध्या से नामांकन करें और मैं भी आता हूं। लड़ाई चेलों से क्यों, लड़ाई तो आमने-सामने होनी चाहिए। एक बार किस्मत अजमा लेते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीडीए का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी और प्रदेश डुबाऊ एयरलाइंस है। समाजवादी पार्टी तो घोटालों की सरकार थी। कांग्रेस और उनके सहयोगी दल सामान्य शिष्टाचार भूल चुके हैं गली और गलौज से कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। मोदी जी के सम्मान में कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

राज्य सभा चुनाव में दिखा, परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी राज्य सभा का चुनाव हुआ, लेकिन समाजवादी पार्टी ने एक भी दलित को प्रत्याशी नहीं बनाया। एक सीट पर अखिलेश यादव के चचा जान गए और दूसरी सीट एक धन्ना सेठ को बेच दी। यही है PDA- परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतें तो इनका पुरुषार्थ और हार जाएं तो EVM की गलती हो गई। इनका दोहरा चरित्र देखिए।

सपा की चार बार सरकार में भी नहीं हुआ विकास

समाजवादी पार्टी की चौथी बार सरकार बनी, लेकिन मथुरा घाट पर पुल नहीं बन पाया। भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार आने के बाद मथुरा घाट पर भी पुल निर्माण का कार्य आगे बढ़ाया गया है। अब जनपद बलरामपुर में रिंग रोड भी बन रही है, चीनी मिल का विस्तार भी हो रहा है। थारू म्यूजियम भी हमारी जनजातीय संस्कृति और धरोहर को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है।

कांग्रेस के समय घोटाले पर घोटाले की एक लंबी शृंखला

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के समय घोटाले पर घोटाले की एक लंबी शृंखला खड़ी हुई थी, समाजवादी पार्टी तो घोटालों की ही सरकार थी। इन्हें अपने कृत्यों के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए।

पावन धरती ने दी चुनौती का सामना करने की प्रेरणा और शक्ति

उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्रि के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर आज मुझे मां पाटेश्वरी देवी के पावन धाम, बलरामपुर में ₹803 करोड़ की परियोजनाओं के माध्यम से विकास को गति देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। शक्ति की अधिष्ठात्री माँ पाटेश्वरी का यह पावन धाम 51 शक्तिपीठों में से एक है। इस पवित्र भूमि ने सम और विषम परिस्थितियों में सीमावर्ती क्षेत्र को देश और धर्म से जुड़े रहने तथा हर चुनौती का सामना करने की प्रेरणा और शक्ति दी है।

प्रगति पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण

मुख्यमंत्री ने कहा कि बलरामपुर में श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है। रिंग रोड बन रही है, चीनी मिल का विस्तार हो रहा है और थारू म्यूजियम हमारी जनजातीय संस्कृति एवं धरोहर को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। बहुत शीघ्र मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भव्य लोकार्पण भी करवाएंगे। हमने यह सुनिश्चित किया है कि आपदा के कारण जनहानि होने पर प्रभावित परिवार को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध करा दिया जाए। इसी प्रकार, मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में जनहानि या पशुहानि होने पर भी पीड़ितों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा प्रदान किया जाए।

अब हमारा बलरामपुर पिछड़ा जनपद नहीं

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब हमारा बलरामपुर पिछड़ा जनपद नहीं, बल्कि हर गांव, गरीब, किसान और नौजवान की आकांक्षाओं के अनुरूप विकास के नित नए प्रतिमान स्थापित करने वाला जनपद है। मैं आश्वस्त करता हूं कि बलरामपुर जनपद के समग्र विकास के लिए धन की कमी नहीं होने देंगे। बलरामपुर के नौजवानों, किसानों, व्यापारियों और बेटियों की आवश्यकताओं के अनुरूप हर जरूरी विकास योजना को धरातल पर उतारने का कार्य डबल इंजन की सरकार करेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इससे पहले बलरामपुर में 804 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

यह भी पढ़ें- UP में पूर्व अग्निवीरों को चार विभागों की भर्तियों में मिलेगा 20 प्रतिशत आरक्षण, योगी आदित्यनाथ कैबिनेट ने दी मंजूरी

यह भी पढ़ें- नवरात्र और दशहरे पर पूजा मार्गों के पास मांस-मदिरा की बिक्री पर रोक, मंदिरों में 24 घंटे होगी CCTV से होगी निगरानी