Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राप्ती मुख्य नहर के नाले पर बना पुल टूटा, बर्बाद हो रहा पानी

    By JagranEdited By:
    Updated: Tue, 17 May 2022 10:17 PM (IST)

    बैराज से सीरिया नाला में गिराया जा रहा पानी मिट्टी पाटने में लगा विभाग। ...और पढ़ें

    Hero Image
    राप्ती मुख्य नहर के नाले पर बना पुल टूटा, बर्बाद हो रहा पानी

    संवादसूत्र, तुलसीपुर (बलरामपुर) :

    राप्ती नहर में पानी छोड़ने के साथ ही भ्रष्टाचार की भी परतें खुलने लगी है। नहर में पानी आए छह माह के भीतर ही मदरहवा गांव के पास सीरिया नाला पर बना पुल भरभराकर गिर गया। इस पुल से नहर का पानी निकलता है। पानी का दबाव पड़ने से पुल टूट गया। अब मुख्य नहर में यहां से आगे पानी नहीं पहुंच रहा है। ऐसे में गन्ना व सब्जी के फसलों की सिचाई के लिए किसानों को पानी नहीं मिल पा रहा है। नहर का पानी सीरिया नाला में मोड़ दिया गया है जो कि बर्बाद हो रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चौहत्तरकला के पास बने बैराज से नहर का पानी बंद करके सीरिया पहाड़ी नाले में मोड़ दिया गया। इससे पिछले एक सप्ताह से सीरिया नाला में नहर का पानी बह रहा है। विभाग आनन-फानन में पुल की मरम्मत कराने के बजाय टूटे हुए हिस्से में मिट्टी भरकर पानी आगे भेजने का उपाय किया जा रहा है। ट्रैक्टर-ट्राली से मिट्टी भराई कराई जा रही है। इस काम में लग रहा लाखों रुपये बेकार साबित होगा, क्योंकि बरसात में पहाड़ी नाला उफनाया रहता है। नहर के नीचे बहने वाला नाला मिट्टी पाटने से पूर्ण रूप से बंद हो जाएगा। फिर यही मिट्टी निकालकर पहाड़ी नाले का पानी जाने का रास्ता बनाना पड़ेगा। यदि ऐसा नहीं किया गया तो पहाड़ी नाले के बाढ़ से आस-पास के गांवों में भयावह स्थिति हो जाएगी। छह माह पहले जब पहली बार नहर में पानी छोड़ा गया था। तभी से इस पुल से पानी का रिसाव हो रहा था। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने विभाग को दी थी, लेकिन अधिकारियों ने इसे नजरअंदाज कर दिया। चौथी बार पानी छोड़े जाने पर पुल ही टूट गया।

    छह माह पूर्व पीएम मोदी ने किया था नहर का लोकार्पण:

    करीब छह माह पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नहर का लोकार्पण किया था। विभागीय लापरवाही और भ्रष्टाचार के चलते इसका लाभ किसानों को नहीं मिल पा रहा है। शाखा नहरों में पानी अब तक नहीं आया है, लेकिन उसके अगल-बगल के खेतों में जलभराव हो गया है। राप्ती नहर निर्माण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता सुरेंद्र कुमार ने बताया कि वर्ष 2012-13 में इसका निर्माण हुआ था जो दो दिन पहले टूट गया है। मरम्मत कार्य चल रहा है। बुधवार तक नहर चालू कर दिया जाएगा। पुल नहीं साइफन क्षतिग्रस्त हुआ है।