बलरामपुर में नई रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण में तेजी, किसानों से सहमति पत्र एकत्र
बलरामपुर में खलीलाबाद-बहराइच रेल मार्ग के लिए भूमि अधिग्रहण में तेजी आई है। जिला प्रशासन किसानों से सहमति पत्र और ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
खलीलाबाद-बहराइच रेल मार्ग के लिए भूमि अधिग्रहण तेज हुआ।
जिला प्रशासन किसानों से सहमति पत्र, अभिलेख एकत्र कर रहा।
रानीजोत देवरिया में विशेष शिविर लगाकर प्रक्रिया पूरी की गई।
जागरण संवाददाता, बलरामपुर। खलीलाबाद-बहराइच वाया बलरामपुर रेल मार्ग के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज हो गई है। जिला प्रशासन की तरफ से किसानों से भूमि के अभिलेख व सहमति पत्र (एनओसी) लिए जा रहे हैं।
शनिवार को सदर ब्लाक के रानीजोत देवरिया में शिविर लगाकर किसानों से संबंधित अभिलेख लिए गए। खलीलाबाद से सिद्धार्थनगर जनपद में अधिकांश काम पूरा हो गया है, ऐसे में जिले में तेजी से काम शुरू किया गया है।
उतरौला तहसील क्षेत्र के गांवों में किसानों के अभिलेख पहले ही जमा हो चुके हैं। रानीजोत देवरिया में जिला प्रशासन ने शिविर लगाकर किसानों से सहमति पत्र और जमीन से संबंधित दस्तावेज एकत्र किए। प्रपत्रों की जांच के बाद पात्र किसानों को अधिग्रहित भूमि का प्रतिकर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी डा. विपिन कुमार जैन ने बताया कि किसानों की सहूलियत के लिए भूमि अधिग्रहण के लिए गांवों में ही विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि किसानों को बेवजह भागदौड़ न करनी पड़े। रानीजोत देवरिया में 219 किसानों की जमीन अधिग्रहित की गई है।
यह भी पढ़ें- मंजिल अभी करीब 300 KM दूर... बलरामपुर पहुंचने में 308 पहियों वाले 'महाट्रक' को अभी लगेगा पूरा एक महीना
इनमें 27 किसानों से पूर्व में ही सहमति पत्र लिया जा चुका है। अब शेष किसानों से सहमति पत्र और भूमि संबंधी अभिलेख लिए गए हैं। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार प्रतिकर भुगतान की कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
