Balrampur News: पुणे में महिला की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप लगा परिजनों ने किया हंगामा
बलरामपुर के सोनपुर गांव में अंजली मौर्या की संदिग्ध मौत के बाद मायके वालों ने शव रखकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि अंजली की हत्या दहेज के लिए की गई। पुलिस ने बताया कि पुणे में मुकदमा दर्ज है और जांच जारी है। समझाने के बाद परिवार अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुआ। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में टीम तैनात की।

जागरण संवाददाता, बलरामपुर। सोनपुर गांव के मजरा सेमरा निवासी शिवाजी मौर्या की पत्नी अंजली मौर्या की पुणे महाराष्ट्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसी गांव में रहने वाले मायके वालों को सूचना दी गई कि अंजली ने फांसी लगा ली है।
शुक्रवार सुबह शव गांव पहुंचने पर मायके के लोगों व ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने पुणे में मुकदमा दर्ज होने की बात कही। दो घंटे तक चले मान-मनौवल के बाद परिवारजन अंतिम संस्कार को तैयार हुए।
यह है पूरा मामला
मृतका के पिता पतिराम ने बताया कि उनकी बेटी अंजली मौर्य की शादी 28 अप्रैल 2024 को घर के सामने रहने वाले शिवाजी के साथ हुई थी। विवाह के बाद से ही शिवाजी व उनके परिजन दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। दो महीने पूर्व अंजली को शिवाजी अपने साथ लेकर पुणे महाराष्ट्र चले गए थे।
16 सितंबर को पुणे में उसकी हत्या कर शव रस्सी के सहारे लटका दिया गया। इसके बाद फोन से सूचना दी कि अंजली ने फांसी लगा ली है। पुणे की पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को भेजा है। शुक्रवार सुबह शव पहुंचते ही परिवारजन दहाड़ें माकर रोने लगे।
मायके वाले व ग्रामीणों ने दहेज हत्यारोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव रखकर प्रदर्शन किया। मायके के लोग अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं थे। पुलिस टीम ने मायके वालों को काफी समझा-बुझाकर अंतिम संस्कार के लिए राजी किया।
थानाध्यक्ष हरैया हरीश सिंह ने बताया कि शांति व्यवस्था के मद्देनगर गांव में पुलिस टीम तैनात की गई थी। पीड़ित परिवार के अनुसार अंजली की संदिग्ध मौत के संबंध में महाराष्ट्र के पुणे शहर स्थित लोणीकंद थाना में मुकदमा दर्ज है। वहां की पुलिस जांच कर रही है। पुणे पुलिस को स्थानीय स्तर पर पूर्ण सहयोग किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।